——————- प्रकाश कपरुवाण।।
ज्योतिर्मठ।
सीमावर्ती ब्लॉक जोशीमठ अब ज्योतिर्मठ का दूरस्थ गाँव डुमक आजादी के 78वर्ष बाद भी सड़क संपर्क मार्ग से अछूता है, पिछले दिनों पैट्रोल -डीजल की बचत को लेकर पीएम नरेन्द्र मोदी की अपील को डुमक गाँव के 73वर्षीय बुजुर्ग प्रेम सिंह सनवाल ने बेहद ही व्यंगात्मक शब्दों मे अपनी पीड़ा को वयां किया।
क्षेत्र पंचायत जोशीमठ के सदस्य रह चुके श्री सनवाल ने सड़क को लेकर अपनी पीड़ा को जाहिर करते हुए कहा कि डीजल -पैट्रोल बचाने की अपील तो अब की जा रही है लेकिन डुमक गाँव के ग्रामीण तो पिछले 78वर्षों से पैट्रोल -डीजल बचा रहे हैं, इस गाँव के लोग आवागमन तो पैदल करते ही हैं गंभीर बीमार व दुर्घटना व प्रसव पीड़िता को भी डंडी कंडी के जरिए अस्पताल तक पहुँचाते हैं। और यह सब पैट्रोल -डीजल बचाने के लिए ही तो किया जाता है।
वे कहते हैं कि डीजल -पैट्रोल बचाने की इस मुहिम मे उत्तराखंड सरकार का भी अहम योगदान है, क्योंकि सड़क कटिंग कार्य मे लगने वाली मशीनों मे भी तो डीजल का ही प्रयोग होना है।
श्री सनवाल बताते हैं कि डुमक तक सड़क पहुँचाने के नाम पर अब तक करोड़ों रुपया व्यय किया जा चुका है लेकिन डुमक गाँव तक सड़क नहीं पहुँच सकी, 2024के लोकसभा चुनावों के बहिष्कार का निर्णय मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद वापस लिया था, उम्मीद थी कि अब जल्द सड़क का सपना पूरा होगा लेकिन मुख्यमंत्री के आश्वासन ने भी निराश ही किया है।
अपने जीते जी सड़क के डुमक गाँव तक पहुँचने की आस लगाए पूर्व क्षेत्र पंचायत सदस्य श्री सनवाल बेहद निराश मन से कहते हैं कि अब एक बार फिर 2027के विधानसभा चुनाव का बहिष्कार ही विकल्प रह गया है, उन्होंने प्रदेश सरकार व चुनाव आयोग से भी आग्रह किया है कि 2027के विधानसभा चुनाव मे लिए डुमक गाँव के लिए पोलिंग पार्टियों को ना भेजें, यह कदम भी डीजल -पैट्रोल बचाने की मुहिम मे मददगार ही साबित होगा।
डुमक सड़क के लिए आंदोलनरत संघर्ष समिति के अध्यक्ष राजेन्द्र सिंह भण्डारी के अनुसार अब कलगोट गाँव से डुमक तक करीब आठ किमी सड़क का निर्माण किया जाना है, ठेकेदार ने सड़क कटिंग का कार्य भी शुरू किया लेकिन बताया जा रहा है कि भुगतान ना होने के कारण ठेकेदार ने भी काम बंद कर दिया।
भुगतान ना होने के कारण कार्य बंद हुआ या डीजल बचाने के लिए इसका खामियाजा तो आजादी के बाद से सड़क की वाट जोह रहे डुमक के ग्रामीणों को ही भुगतना पड़ रहा है।











