
देहरादून, (प्रियांशु सक्सेना)। राजकीय जूनियर हाईस्कूल, हरिशंकर पोखरी (चमोली) के एक छात्र के साथ पल्टन बाजार के व्यापारी द्वारा किए गए कथित संवेदनहीन व्यवहार को लेकर जहां लोगों में रोष है, वहीं इस घटना के बीच समाजसेवा और मानवीय संवेदना की मिसाल भी सामने आई है। डोईवाला-भानियावाला के समाजसेवी एवं व्यापारी राजन गोयल और माजरी ग्रांट के मनोज पाल ने विद्यालय के बच्चों की मदद का बीड़ा उठाया है। राजन गोयल ने विद्यालय के शिक्षक उपेंद्र सती से फोन पर वार्ता कर विद्यालय के सभी बच्चों को जूते और अन्य उपहार भेंट करने का वादा किया है। उन्होंने कहा कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र के बच्चों की आवश्यकताओं को देखते हुए वह अपनी ओर से यह सहयोग कर रहे हैं। शिक्षक उपेंद्र सती की ओर से उन्हें अवगत कराया गया कि वह आगामी 6 और 7 अक्टूबर को देहरादून आएंगे। इसी दौरान डोईवाला में विद्यालय के सभी बच्चों को जूते भेंट प्राप्त की जाएगी। शिक्षक उपेंद्र सती ने राजन गोयल के इस सहयोग के लिए आभार जताते हुए कहा कि एक व्यक्ति के व्यवहार से सभी व्यापारियों को एक नजर से नहीं देखा जा सकता। उन्होंने कहा कि समाज में आज भी ऐसे लोग मौजूद हैं जो जरूरतमंद बच्चों की मदद के लिए आगे आते हैं। उन्होंने बताया कि दूरस्थ पर्वतीय क्षेत्र के बच्चों की सहायता के लिए क्षेत्र के अन्य सामाजिक लोग भी सहयोग का हाथ बढ़ा रहे हैं। ऐसे प्रयास बच्चों के मन में समाज के प्रति विश्वास और अपनत्व की भावना को मजबूत करते हैं।











