डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। हरतालिका तीज के उपलक्ष्य में लच्छीवाला क्षेत्र की नेपाली मूल की महिलाओं की ओर से पारंपरिक रीति-रिवाजों के अनुसार ‘दर खाने’ कार्यक्रम का आयोजन धूमधाम से किया गया। बुधवार को भानियावाला स्थित दून जायका में आयोजित कार्यक्रम में बड़ी संख्या में महिलाओं ने उत्साहपूर्वक प्रतिभाग किया।
कार्यक्रम की शुरुआत पारंपरिक पूजन के साथ हुई। इस दौरान महिलाओं ने पारंपरिक वेशभूषा और आभूषणों से सज-संवरकर कार्यक्रम में हिस्सा लिया। विभिन्न मनोरंजक खेलों के साथ गीत और नृत्य की रंगारंग प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम में खूब समां बांधा। महिलाओं ने नेपाली पारंपरिक गीतों पर जमकर नृत्य किया और एक-दूसरे के साथ तीज पर्व की खुशियां साझा कीं।
महिलाओं ने पारंपरिक व्यंजनों का आनंद लेने के साथ ही विभिन्न गतिविधियों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लिया। गीत-संगीत और नृत्य के बीच महिलाओं में खासा उत्साह देखने को मिला। कार्यक्रम में मौजूद प्रीति क्षेत्री और नेहा क्षेत्री ने बताया कि नेपाली मूल के समाज में हरतालिका तीज से पहले ‘दर’ कार्यक्रम आयोजित करने की परंपरा है। इस अवसर पर विवाहित महिलाओं को उनके परिजनों या परिवार की ओर से भोज के लिए आमंत्रित किया जाता है।
उन्होंने बताया कि यह कार्यक्रम महिलाओं के आपसी मेल-मिलाप, पारिवारिक सौहार्द और सांस्कृतिक परंपराओं को जीवंत रखने का माध्यम भी है। नेपाली समुदाय में इस परंपरा का विशेष महत्व है। इस मौके पर नेहा क्षेत्री, पूनम, प्रीति क्षेत्री, प्रियंका, रितु गुरुंग, दीपा, अंजू आदि मौजूद रहीं।











