
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना): डोईवाला विधानसभा क्षेत्र के दूरस्थ पहाड़ी इलाकों में लगातार हो रही भारी बारिश से जनजीवन प्रभावित होने लगा है। ग्राम बड़ेरना और आसपास के क्षेत्रों में बारिश के चलते भिदालना नदी का जलस्तर बढ़ गया है। वहीं धारकोट-बड़ेरना को जोड़ने वाले मोटर मार्ग पर भारी मात्रा में मलबा और बड़े-बड़े पत्थर गिरने से आवागमन बाधित हो गया है।
मार्ग के कई हिस्सों में बड़े गड्ढे हो गए हैं, जबकि कुछ स्थानों पर सड़क का हिस्सा बह जाने से स्थिति और गंभीर हो गई है। ग्रामीणों के अनुसार, लगातार बारिश के कारण मार्ग पर जगह-जगह मलबा और पत्थर गिर रहे हैं। इसके चलते मुख्य मार्ग बंद हो गया है और बड़ेरना समेत आसपास के गांवों के ग्रामीणों की आवाजाही प्रभावित हुई है।
पहाड़ी क्षेत्र होने के कारण इन गांवों के लोगों की आवाजाही मुख्य रूप से इसी मोटर मार्ग पर निर्भर है। इसके अलावा ग्राम पंचायत हल्द्वाड़ी स्थित गंधक पानी जलस्रोत भी क्षतिग्रस्त हो गया है। बताया जा रहा है कि लोक निर्माण विभाग की नई सड़क कटिंग से निकला भारी मात्रा में मलबा बारिश के पानी के साथ बहकर जलस्रोत में पहुंच गया।
इससे जलस्रोत को व्यापक नुकसान पहुंचा है और उसमें मलबा भर गया है। ग्रामीणों ने जलस्रोत के संरक्षण और सड़क कटिंग से निकलने वाले मलबे के उचित निस्तारण की मांग की है। ग्राम प्रधान शीला कठैत और सामाजिक कार्यकर्ता अनिल कठैत ने कहा कि पहाड़ी क्षेत्रों में लगातार बारिश के कारण स्थिति चुनौतीपूर्ण बनी हुई है।
स्थानीय निवासी आदर्श राठौर ने कहा कि बरसात के दौरान पहाड़ी क्षेत्रों में परिस्थितियां तेजी से बदलती हैं। प्राकृतिक जलस्रोत ग्रामीणों के लिए पेयजल और दैनिक जरूरतों का महत्वपूर्ण आधार हैं। ऐसे में जलस्रोतों का संरक्षण बेहद जरूरी है। बीडीसी अमित कुकरेती ने बताया कि नदी के तेज बहाव के कारण थानो क्षेत्र के लिए सिंचाई विभाग और पेयजल विभाग की ओर से आने वाली लाइन भी क्षतिग्रस्त हो गई है। इससे क्षेत्र में पेयजल और सिंचाई व्यवस्था प्रभावित होने की आशंका है।
ग्रामीणों ने प्रशासन और संबंधित विभागों से बढ़े हुए नदी के जलस्तर, धारकोट-बड़ेरना मोटर मार्ग पर गिरे मलबे और बड़े पत्थरों तथा क्षतिग्रस्त सड़क का तत्काल संज्ञान लेकर मार्ग को सुचारु कराने की मांग की है। साथ ही गंधक पानी जलस्रोत को हुए नुकसान का स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने की मांग की गई है।











