डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। एलपीजी गैस की कालाबाजारी रोकने तथा शत-प्रतिशत होम डिलीवरी सुनिश्चित कराने के लिए देहरादून जिलाधिकारी के निर्देशों के अनुपालन में जिले में क्षेत्रवार क्यूआरटी टीमों का गठन किया गया है। इसके बावजूद कुछ एलपीजी विक्रेता नियमों में खामियां तलाशते नजर आ रहे हैं।
ताजा मामला डोईवाला के केशवपुरी क्षेत्र का है, जहां भारत गैस का एक होम डिलीवरी वाहन हाट बाजार के पास खड़ा कर उपभोक्ताओं को मौके पर बुलाकर गैस सिलेंडर वितरित करता पाया गया। आरोप है कि उक्त वाहन द्वारा दलालों को भी सिलेंडर उपलब्ध कराए गए।
देहरादून डीएम के आदेशों का पालन होते नहीं दिख रहा है। उन्होंने स्पष्ट निर्देश दिए थे कि घरेलू गैस सिलेंडर की होम डिलीवरी सुनिश्चित की जाए, लेकिन डोईवाला में भारत गैस एजेंसी का वाहन उपभोक्ताओं को मौके पर बुलाकर सिलेंडर दे रहा था, जो नियमों का उल्लंघन है।
वाहन चालक का कहना था कि उसे ऐसा करने के निर्देश मैनेजर द्वारा दिए गए हैं, जबकि मैनेजर ने इस बात से साफ इनकार किया है। अब देखना होगा कि प्रशासन इस मामले में क्या कार्रवाई करता है। वहीं, स्थानीय लोगों ने इस घटना पर आक्रोश व्यक्त किया है।
जिलाधिकारी सविन बंसल ने कहा कि जनपद में गैस वितरण व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। सभी गैस एजेंसियों को शासन द्वारा निर्धारित मानकों का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।












