डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। तहसील क्षेत्र अंतर्गत सुसवा नदी में दिनदहाड़े अवैध खनन का कार्य हो रहा है। नदी क्षेत्र में ट्रैक्टर-ट्रॉलियों की आवाजाही और खनन सामग्री के उठान को लेकर संबंधित विभाग की निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े हो रहे हैं। स्थानीय लोगों के अनुसार, सुसवा नदी के खैरी क्षेत्र में रोजाना करीब पांच से छह ट्रैक्टर-ट्रॉलियां खनन सामग्री के उठान के लिए दिनभर कई चक्कर लगाती हैं। आरोप है कि इन वाहनों के जरिए नदी से निकाली गई खनन सामग्री को फतेहपुर स्थित स्टोन क्रशर और भंडारण स्थलों तक पहुंचाया जाता है। दिन के समय वाहनों की आवाजाही के बावजूद कार्रवाई नहीं होने से अवैध खनन करने वालों के हौसले बुलंद होने की बात कही जा रही है। अवैध खनन से जहां सरकार को राजस्व का नुकसान हो रहा है। वहीं नदी क्षेत्र में लगातार खनन से पर्यावरणीय नुकसान का भी खतरा बना हुआ है। स्थानीय लोगों ने संबंधित विभाग से सुसवा नदी क्षेत्र में निगरानी बढ़ाने और अवैध खनन की शिकायतों की जांच कर आवश्यक कार्रवाई की मांग की है।














