राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर आज दिव्य प्रेम सेवा मिशन आश्रम, हरिद्वार के इंडोर हॉल में उत्तराखंड और नेपाल की कबड्डी टीमों के बीच मैत्रीपूर्ण मुकाबले का आयोजन किया गया। इस मुकाबले का उद्देश्य दोनों देशों के खिलाड़ियों के बीच खेल भावना, आपसी मैत्री एवं खेल संबंधों को मजबूत करना था। नेपाल की टीम एशियाई खेलों की तैयारियों के सिलसिले में भारत में अभ्यास हेतु प्रवास पर है।
मुकाबले से पूर्व हाल ही में नेपाल में प्राकृतिक आपदा में हुई जान-माल की क्षति पर दुख प्रकट करते हुए दिवंगत आत्माओं को श्रद्धांजलि देते हुए दो मिनट का मौन रखा गया।
मैत्रीपूर्ण मुकाबले में उत्तराखंड की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए नेपाल की टीम को 59-41 के अंतर से पराजित कर विजय हासिल की। उत्तराखंड के खिलाड़ियों ने पूरे मुकाबले में बेहतर तालमेल, अनुशासन और आक्रामक खेल का प्रदर्शन किया।
कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए मुख्य अतिथि दिव्य प्रेम सेवा मिशन, हरिद्वार के संयोजक श्री संजय चतुर्वेदी ने कहा कि नेपाल हमारा पड़ोसी देश ही नहीं बल्कि एक भाई की तरह है और हमारे बीच रोटी- बेटी का संबंध है। आपदा की इस घड़ी में संपूर्ण खेल जगत के साथ ही भारत का प्रत्येक नागरिक भी नेपाल के साथ खड़ा है और हरसंभव सहायता हेतु तैयार है। श्री संजय चतुर्वेदी ने अपने संबोधन में खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करते हुए कहा कि इस प्रकार के अंतरराष्ट्रीय मैत्रीपूर्ण मुकाबले युवा खिलाड़ियों को बेहतर अनुभव प्रदान करने के साथ-साथ दोनों देशों के बीच खेल संबंधों को और मजबूत करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रीय खेल दिवस पर आयोजित यह मुकाबला युवाओं को खेलों के प्रति प्रेरित करने और स्वस्थ जीवनशैली अपनाने का संदेश देने वाला होगा।आज के आयोजन में उत्तराखंड कबड्डी संघ के अध्यक्ष श्री महेश जोशी, सचिव श्री चेतन जोशी, कोषाध्यक्ष श्री दिनेश कुमार सहित कबड्डी संघ से जुड़े अन्य पदाधिकारी व गणमान्य व्यक्ति तथा बड़ी संख्या में खेलप्रेमी भी मौजूद रहे। नेपाल की टीम को एशियाई खेलों की तैयारियों के मद्देनजर उत्तराखंड में इस तरह के मुकाबले महत्वपूर्ण तो हैं ही साथ ही स्थानीय खिलाड़ियों के लिए अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ अनुभव साझा करने का महत्वपूर्ण अवसर भी हैं।











