डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। खालसा सजना दिवस (बैसाखी पर्व) के अवसर पर नगर के मुख्य गुरुद्वारा श्री गुरु सिंह सभा, डोईवाला में अमृत संचार कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कई श्रद्धालुओं ने अमृत पान किया। अमृत पान के उपरांत सभी श्रद्धालुओं को रहत मर्यादा के नियमों से अवगत कराया गया। गुरुद्वारा प्रबंधक कमेटी की ओर से पंच प्यारों को सिरोपा भेंट कर सम्मानित किया गया। सोमवार को सुबह से ही बड़ी संख्या में श्रद्धालु गुरुद्वारे में माथा टेकने के लिए पहुंचने लगे थे। सरदार हरमिंदर सिंह व सरवन सिंह ने कहा कि गुरु महाराज की शिक्षाएं पूरी मानवता के लिए प्रेरणास्रोत हैं और सार्थक जीवन का आधार प्रदान करती हैं। यह दिन 13 अप्रैल 1699 को आनंदपुर साहिब में सिखों के दसवें गुरु श्री गोबिंद सिंह महाराज द्वारा खालसा पंथ की स्थापना की स्मृति में मनाया जाता है। कार्यक्रम में सरदार सुखविंदर सिंह, मंगत सिंह, ज्ञानी मलकीत सिंह, रणजीत सिंह, रविंदर सिंह, गुरदीप सिंह, बलजीत सिंह, अरविंद्र सिंह खालसा, बलबीर सिंह, इंद्रजीत सिंह लाड़ी, मोहन सिंह आदि श्रद्धालु उपस्थित रहे।












