
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। विकासखंड डोईवाला में बुधवार को खंड स्तरीय युवा महोत्सव-2026 का आयोजन किया गया। ब्लॉक सभागार में आयोजित महोत्सव में युवाओं ने लोकगीत, लोकनृत्य, नुक्कड़ नाटक, चित्रकला और कविता लेखन सहित विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग कर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
प्रतियोगिताओं के परिणामों में एकल लोकनृत्य में स्वाति ने प्रथम और अक्षरा ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सामूहिक लोकनृत्य और नुक्कड़ नाटक में एसजीआरआर भानियावाला की टीम ने प्रथम स्थान हासिल किया। एकल लोकगीत प्रतियोगिता में सचिन भारद्वाज प्रथम, राकेश द्वितीय और मुकुल तृतीय स्थान पर रहे।
चित्रकला प्रतियोगिता में शिवम नेगी ने प्रथम और अल्फाराह आलम ने द्वितीय स्थान प्राप्त किया। कविता लेखन में उदय भानियावाला प्रथम और विशाखा कंबोज द्वितीय स्थान पर रहीं। सामूहिक लोकगीत प्रतियोगिता में भारद्वाज ग्रुप ने प्रथम, एसजीआरआर भानियावाला ने द्वितीय और रेन्सा द्रोण स्कूल की टीम ने तृतीय स्थान प्राप्त किया।
क्षेत्रीय युवा कल्याण अधिकारी संदीप वर्मा ने बताया कि विभिन्न प्रतियोगिताओं में प्रथम स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागी और टीमें जिला स्तर पर आयोजित प्रतियोगिताओं में प्रतिभाग करेंगे। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के आयोजनों से युवाओं और ग्रामीण क्षेत्रों की प्रतिभाओं को अपनी कला एवं कौशल प्रदर्शित करने का अवसर मिलता है।
कार्यक्रम में विजेता प्रतिभागियों को पुरस्कृत कर उनका उत्साहवर्धन किया गया। इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख गौरव सिंह, धनवीर वेदबाल, बीना चौहान, अशोक चौहान, शोभा चौहान, आशीष बिजल्वाण, छाया अग्रवाल, मीनाक्षी दुबे, संजय नैथानी और वसंत वासुदेव आदि मौजूद रहे।














