डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। कुआंवाला जंगलात चौकी के समीप आरक्षित वन क्षेत्र में एक अज्ञात व्यक्ति का शव संदिग्ध परिस्थितियों में पेड़ से लटका मिला। सूचना मिलती ही पुलिस मौके पर पहुंची। हालांकि, शव की शिनाख्त नहीं हो सकी। कोतवाली प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने बताया कि रविवार को सुबह करीब 10:45 बजे डोईवाला पुलिस को 112 के माध्यम से सूचना प्राप्त हुई कि कुआंवाला जंगलात चौकी के पास आरक्षित जंगल में एक व्यक्ति का शव पेड़ पर लटका हुआ है। सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, जहां लगभग 40 से 50 वर्षीय एक अज्ञात व्यक्ति पेड़ पर फंदे से लटका हुआ था। पुलिस द्वारा मौके पर शव का शिनाख्त करने की कोशिश की गई परंतु शिनाख्त नहीं हो पाई है, कोतवाली डोईवाला क्षेत्र में हाल ही में इस प्रकार की कोई गुमशुदगी भी दर्ज नहीं है। कोतवाल प्रदीप राणा ने बताया कि मौके पर जनपदीय फील्ड यूनिट टीम को बुलाकर घटनास्थल का निरीक्षण कराया गया। पुलिस ने आवश्यक कार्रवाई करते हुए पंचायतनामा भरकर शव को कोरोनेशन अस्पताल की मोर्चरी में पोस्टमार्टम व शिनाख्त के लिए नियमानुसार 72 घंटे के लिए सुरक्षित रखा गया है। कोतवाली पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया से मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है। मृतक मजदूर वर्ग का लग रहा है तथा शव करीब 5 से 6 दिन पुराना बताया जा रहा है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।












