नारायण नगर/पिथौरागढ़, 21 फरवरी 2026
अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज नारायण नगर में शनिवार को करियर मार्गदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का संचालन संत नारायण स्वामी राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय के सहयोग से किया गया। यह कार्यक्रम नारायण नगर, पिथौरागढ़ में अध्ययनरत छात्राओं के लिए अत्यंत उपयोगी रहा।
कार्यक्रम की अध्यक्षता विद्यालय की प्रधानाचार्या श्रीमती उर्मिला ने की। मुख्य वक्ता के रूप में महाविद्यालय के मनोविज्ञान विभाग के सहायक प्राध्यापक डॉ. विवेक आर्य उपस्थित रहे। मुख्य वक्ता डॉ. विवेक आर्य ने विद्यार्थियों को परीक्षा तनाव प्रबंधन, स्किल एवं कम्युनिकेशन डेवलपमेंट तथा प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी तथा विभिन्न करियर विकल्पों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने छात्राओं को अपनी रुचि और क्षमता के अनुसार लक्ष्य निर्धारित करने तथा निरंतर अभ्यास करने की प्रेरणा दी।
कार्यक्रम में कक्षा 9 एवं कक्षा 11 की छात्राओं के साथ संवादात्मक चर्चा भी की गई, जिसमें छात्राओं ने अपने करियर से संबंधित प्रश्न पूछे और मार्गदर्शन प्राप्त किया।
अंत में छात्राओं ने कार्यक्रम को अत्यंत उपयोगी बताया। कार्यक्रम में विद्यालय के समस्त शिक्षकगण उपस्थित रहे।












