डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शुगर मिल का वर्तमान पेराई सत्र समाप्त करने के लिए सोमवार को मिल प्रबंधन की ओर से मिल बंदी की दूसरी सूचना जारी कर दी गई। गन्ना किसानों से अनुरोध किया गया है कि 24 फरवरी तक मिल को गन्ना आपूर्ति कर दें। मुख्य गन्ना प्रबंधक की रिपोर्ट के अनुसार रुड़की समिति के 22, देहरादून समिति के 15, पांवटा समिति के दो, डोईवाला समिति के दो, ज्वालापुर समिति और लक्सर समिति के एक–एक क्रय केंद्र सहित कुल 43 क्रय केंद्र बंद कर दिए गए हैं। अधिशासी निदेशक डीपी सिंह ने बताया कि विगत कई दिनों से मिल गेट खाली होने के बावजूद प्रतिदिन पेराई योग्य पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इसी को देखते हुए गन्ना आपूर्ति करने वाले किसानों से अपील की गई है कि 24 फरवरी (आज) तक उपलब्ध समस्त गन्ना चीनी मिल को आपूर्ति कर दें। उन्होंने कहा कि मंगलवार के उपरांत किसी भी दिन पेराई सत्र 2025-26 के लिए मिल को अंतिम रूप से बंद किया जा सकता है।












