डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। आगामी होली और ईद-उल-फितर पर्व के मद्देनजर थाना डोईवाला क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था और आपसी सौहार्द बनाए रखने के उद्देश्य से कोतवाली डोईवाला तथा लालतप्पड़ चौकी में सर्वधर्म के गणमान्य नागरिकों, सीएलजी सदस्यों, जनप्रतिनिधियों एवं पीस कमेटी के सदस्यों के साथ गोष्ठी आयोजित की गई। शुक्रवार को कोतवाली परिसर में आयोजित बैठक में प्रभारी निरीक्षक प्रदीप राणा ने कहा कि होली और ईद-उल-फितर पर्व को सकुशल एवं शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न कराने के लिए पुलिस प्रशासन पूरी तरह सतर्क है। उन्होंने उपस्थित लोगों से पूर्व की भांति सौहार्दपूर्ण वातावरण में त्योहार मनाने की अपील की। बैठक के दौरान सुरक्षा व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई तथा लोगों से सुझाव और शिकायतें भी प्राप्त की गईं। प्रभारी निरीक्षक ने स्पष्ट कहा कि सांप्रदायिक सद्भाव बिगाड़ने वाले असामाजिक एवं उपद्रवी तत्वों के विरुद्ध सख्त विधिक कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने बताया कि सोशल मीडिया पर भी पुलिस की सतर्क निगरानी रहेगी और अफवाह फैलाने वालों पर कड़ी नजर रखी जाएगी। साथ ही यह भी अपील की गई कि त्योहारों के दौरान कोई नई परंपरा शुरू न की जाए और सभी लोग मिल-जुलकर शांति एवं भाईचारे के साथ पर्व मनाएं। गोष्ठी में उपस्थित लोगों से थाना क्षेत्र में शांति, कानून व्यवस्था एवं आपसी सौहार्द बनाए रखने में पुलिस प्रशासन को अपेक्षित सहयोग देने की अपील की गई।












