डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। धारकोट स्थित नीम करौली मंदिर के समीप एक निर्माणाधीन मकान में गत बृहस्पतिवार को संदिग्ध परिस्थितियों में मिले शव के मामले का पुलिस ने खुलासा कर दिया है। पुलिस के अनुसार, मृतक की हत्या उसके साथ काम करने वाले मजदूर ने पैसों के विवाद में की थी। पुलिस के अनुसार, बरामद शव की पहचान बबलू कुमार के रूप में हुई थी। मृतक के भाई प्रमोद कुमार निवासी थाना मोतीपुर, जनपद बहराइच (उत्तर प्रदेश) ने शव की शिनाख्त की। इसके बाद 27 फरवरी को पंचायतनामा की कार्रवाई कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। शनिवार को ऋषिकेश पुलिस क्षेत्राधिकारी नीरज सेमवाल ने थाना रानीपोखरी में आयोजित प्रेस वार्ता में घटना का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि मृतक के भाई प्रमोद कुमार द्वारा लिखित तहरीर देकर बबलू कुमार की हत्या का आरोप उसके साथ मजदूरी करने वाले पप्पू साहनी निवासी बेगूसराय, बिहार पर लगाया गया था। तहरीर के आधार पर थाना रानीपोखरी में मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू की गई। पुलिस टीम ने सर्विलांस एवं अन्य माध्यमों से जानकारी जुटाई। मुखबिर की सूचना पर फरार अभियुक्त पप्पू साहनी को भूइया मंदिर, थानों रोड क्षेत्र से गिरफ्तार कर लिया गया। पूछताछ में अभियुक्त ने बताया कि वह और बबलू कुमार धारकोट क्षेत्र में साथ मिलकर मजदूरी करते थे। बबलू मिस्त्री का कार्य करता था। कुछ दिन पूर्व दोनों के बीच पैसों के लेन-देन को लेकर विवाद हो गया। इसी दौरान गुस्से में आकर अभियुक्त ने बबलू के सिर पर हथौड़े से वार कर दिया, जिससे उसकी मौके पर ही मृत्यु हो गई। घटना के बाद अगले दिन सुबह अभियुक्त ने शव पर कंबल डालकर कमरे को बाहर से बंद कर दिया और फरार हो गया।












