डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य में आयोजित महिला सम्मान समारोह में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय योगदान देने वाली 60 से अधिक महिलाओं को सम्मानित किया गया। समारोह के दौरान रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रमों ने भी सभी का मन मोह लिया।
मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर ने कहा कि महिलाएँ समाज की मजबूत नींव हैं और आज हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा एवं परिश्रम से नई ऊँचाइयाँ छू रही हैं। उन्होंने कहा कि महिलाओं को सम्मान और अवसर देना पूरे समाज की सामूहिक जिम्मेदारी है। क्षेत्रीय विधायक बृज भूषण गैरोला ने कहा कि महिला सशक्तिकरण केवल एक नारा नहीं, बल्कि समाज के विकास की अनिवार्य आवश्यकता है। कार्यक्रम में सामाजिक कार्यकर्ता हेमा पुरोहित, डॉ. राखी पंचोला, रेणु देवी, कमलजीत कौर, अपूर्व गोयल, गौरी गोयल और अंशिका डोभाल सहित कई वक्ताओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए और महिलाओं की उपलब्धियों तथा समाज में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका पर प्रकाश डाला। समारोह के दौरान विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली 60 से अधिक महिलाओं को सम्मान पत्र और स्मृति चिन्ह देकर सम्मानित किया गया। वहीं, रंगारंग सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बना दिया। इस अवसर पर संयोजक ज्योति यादव सहित डॉ. पूनम रावत, डॉ. ममता कुंवर, दीक्षा जोशी, पूनम तोमर, राममूर्ति ताई, अनीता अग्रवाल, नगीना रानी आदि मौजूद रहे।












