डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में जनपद स्तरीय विकसित भारत युवा संसद कार्यक्रम 2026 का आयोजन 20 मार्च को किया जाएगा। कार्यक्रम की सभी तैयारियां महाविद्यालय स्तर पर विभिन्न समितियों द्वारा पूरी कर ली गई हैं। यह कार्यक्रम राष्ट्रीय सेवा योजना एवं मेरा युवा भारत, देहरादून के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है। जनपद की राष्ट्रीय सेवा योजना नोडल अधिकारी डॉ. किरण जोशी ने बताया कि कार्यक्रम में प्रतिभाग के लिए जनपद के कुल 70 विद्यार्थियों ने माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण कराया है। श्रीदेव सुमन विश्वविद्यालय के समन्वयक प्रो. गौरव वार्ष्णेय ने जानकारी दी कि युवा संसद में प्रतिभाग करने वाले विद्यार्थियों को आपातकाल के 50 वर्ष: भारतीय लोकतंत्र के लिए सीख विषय पर तीन मिनट में अपने विचार प्रस्तुत करने होंगे। प्रतियोगिता में जनपद के पांच उत्कृष्ट प्रतिभागियों का चयन कर उन्हें राज्य स्तरीय युवा संसद में भाग लेने का अवसर मिलेगा। उप निदेशक माय भारत, देहरादून मोनिका नांदल ने बताया कि प्रतिभागियों के लिए माय भारत पोर्टल पर पंजीकरण के साथ देहरादून जनपद का निवासी होना अनिवार्य है। कार्यक्रम के लिए निर्णायक मंडल में समाज के विभिन्न क्षेत्रों से विशेषज्ञों को आमंत्रित किया गया है। महाविद्यालय के प्राचार्य डीपी भट्ट ने कार्यक्रम के आयोजन के लिए चयनित किए जाने पर युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार का आभार व्यक्त किया।












