डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नवरात्रि पर्व को लेकर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन देहरादून सतर्क हो गया है। आयुक्त, खाद्य संरक्षण एवं औषधि प्रशासन सचिन कर्वे के निर्देश पर विभागीय टीम ने बृहस्पतिवार को भानियावाला और डोईवाला क्षेत्र में विभिन्न दुकानों का निरीक्षण किया। वहीं, निरीक्षण के दौरान टीम ने संदेह के आधार पर विभिन्न दुकानों से कुट्टू के आटे के तीन नमूने जांच के लिए संग्रहित किए, जिन्हें परीक्षण हेतु प्रयोगशाला भेजा जाएगा। वरिष्ठ खाद्य पूर्ति अधिकारी संतोष कुमार ने बताया कि दुकानदारों को सख्त निर्देश दिए कि खुला कुट्टू का आटा बिक्री के लिए न रखें। साथ ही केवल कंपनी द्वारा पैक किए गए कुट्टू के आटे की ही बिक्री करें, जिस पर निर्माण तिथि और एक्सपायरी डेट स्पष्ट रूप से अंकित हो। इसके अतिरिक्त दुकानदारों को निर्देशित किया गया है कि कुट्टू का आटा पक्का बिल लेकर ही खरीदें, ताकि उसकी गुणवत्ता और स्रोत की पुष्टि हो सके। उन्होंने बताया कि नवरात्र के दौरान मिलावटी खाद्य पदार्थों पर रोक लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।












