डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका डोईवाला के सभागार में शनिवार को सफाई कर्मियों के लिए एक विशेष जागरूकता एवं प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य सफाई कर्मियों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को सुदृढ़ बनाना था। यह आयोजन प्रोजेक्ट सर्कुलर भारत के अंतर्गत हिंदुस्तान यूनिलीवर के सहयोग से प्लान फाउंडेशन द्वारा किया गया, जिसमें लगभग 150 सफाई कर्मियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान प्रशिक्षकों ने सरल एवं व्यावहारिक तरीकों से व्यक्तिगत स्वास्थ्य, स्वच्छता और स्वस्थ जीवनशैली के महत्वपूर्ण पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी। वक्ताओं ने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि वे शहर की स्वच्छता व्यवस्था की रीढ़ हैं, इसलिए उनका स्वस्थ और सुरक्षित रहना पूरे समाज के लिए अत्यंत आवश्यक है। इस दौरान सफाई कर्मियों को नियमित रूप से हाथ धोने, समय-समय पर स्वास्थ्य जांच कराने, संतुलित आहार लेने, पर्याप्त मात्रा में पानी पीने तथा प्रतिदिन हल्का व्यायाम करने के महत्व के बारे में विस्तार से बताया गया। कार्यक्रम में नगर पालिका परिषद के सीएसआई सचिन रावत और सिद्धार्थ सिंह सजवाण सहित प्लान फाउंडेशन की टीम वैभव, अर्चित, दीपिका, तानिया, विकास और दीपक आदि रही।












