डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका डोईवाला की बहुप्रतीक्षित बोर्ड बैठक शुक्रवार को करीब पांच महीने बाद नगर पालिका सभागार में आयोजित की गई। बैठक में वित्तीय वर्ष 2026–27 के लिए लगभग 72 करोड़ रुपये की आय और 71.55 करोड़ रुपये के व्यय का बजट सर्वसम्मति से पारित किया गया। आपको बता दे कि इससे पूर्व बोर्ड की अंतिम बैठक 12 नवंबर को हुई थी। इसके बाद 11 मार्च को प्रस्तावित बैठक विधानसभा सत्र के कारण स्थगित हुई और 16 मार्च को निर्धारित बैठक कोरम पूरा न होने के चलते नहीं हो सकी। शुक्रवार को बैठक की शुरुआत पुराने प्रस्तावों पर चर्चा के साथ हुई। इस दौरान कुछ सभासदों ने नगर पालिकाध्यक्ष और प्रशासन पर उनके साथ सौतेला व्यवहार करने का आरोप लगाया। बैठक के दौरान सभासदों ने कार्यप्रणाली को लेकर असंतोष भी जताया। साथ ही सफाई कर्मचारियों के हितों की सुरक्षा, शहीद द्वार निर्माण और निराश्रित पशुओं के लिए सुरक्षित स्थान चिन्हित करने जैसी मांगें उठाई गईं। सभासद संदीप नेगी ने बैठक को पारदर्शी तरीके से आयोजित करने और सभासदों के प्रस्तावों को प्राथमिकता के साथ लागू करने की बात कही। सभासद कल्पना नेगी ने विकास कार्यों को गंभीरता से अमल में लाने पर जोर दिया। सभासद प्रियंका मनवाल ने सैनिक मोहल्ले में ट्यूबवेल निर्माण, पुरानी पेयजल पाइपलाइन बदलने और बेहतर प्रकाश व्यवस्था के लिए नए विद्युत पोल लगाने का प्रस्ताव रखा। सभासद सुशीला सैनी ने ट्रेंचिंग ग्राउंड को हस्तांतरित करने तथा बिजली, पानी और सड़क निर्माण कार्यों को शीघ्र पूरा कराने की मांग की। सभासद अमित कुमार ने बाबा साहेब डॉ. भीमराव आंबेडकर की प्रतिमा स्थापना, विद्युत पोल, सड़क एवं पुलिया निर्माण और पूर्व स्वीकृत कार्यों को शीघ्र पूरा करने की मांग रखी। बैठक में सड़क, नाली, पेयजल, स्ट्रीट लाइट, सीसीटीवी कैमरे, स्वच्छता व्यवस्था, कूड़ा निस्तारण, पार्क और खेल मैदानों के विकास को प्राथमिकता देने पर सहमति बनी। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि क्षेत्र का विकास तेज गति से किया जाएगा और हर स्तर पर सहयोग प्रदान किया जाएगा। बैठक में नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, अधिशासी अधिकारी एमएल शाह, सभासद गौरव मल्होत्रा, मनीष धीमान, अमित कुमार, विनीत राजपूत, रियासत अली मोंटी, प्रियंका मनवाल, सुशीला सैनी, बबीता देवी, सुरेश सैनी, ईश्वर रौथान, राजेश भट्ट, राकेश डोभाल, अरुण सोलंकी, सुनीता सैनी, जमना देवी, प्रदीप नेगी, सुंदर लोधी, रीना कोठारी आदि मौजूद रहे। प्राप्त जानकारी के अनुसार, वित्तीय वर्ष की शुरुआत में पालिका का प्रारंभिक अवशेष 26.71 करोड़ रुपये रखा गया है। अप्रैल 2026 से मार्च 2027 तक अनुमानित आय 45.27 करोड़ रुपये निर्धारित की गई है, जिससे कुल अनुमानित आय 71.99 करोड़ रुपये आंकी गई है। आगामी वर्ष के लिए कुल अनुमानित व्यय 71.55 करोड़ रुपये प्रस्तावित है। बजट के अनुसार वित्तीय वर्ष के अंत में लगभग 44.52 लाख रुपये का अंतिम अवशेष रहने का अनुमान है।












