डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र स्थित यूरेका फोर्ब्स कंपनी के खिलाफ श्रमिकों ने अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन शुरू कर दिया है। श्रमिकों ने फैक्ट्री प्रबंधन पर उत्पीड़न और श्रम कानूनों के उल्लंघन के गंभीर आरोप लगाए हैं। बृहस्पतिवार को काफी संख्या में श्रमिक धरना स्थल पर डटे रहे और कंपनी प्रबंधन के खिलाफ जोरदार नारेबाजी की। कर्मचारियों का कहना है कि यूरेका फोर्ब्स कंपनी द्वारा संविदा श्रमिकों का लंबे समय से शोषण किया जा रहा है। श्रमिक नियमों की अनदेखी करते हुए वर्षों से कार्यरत स्थानीय कर्मचारियों की सेवाएं मनमाने ढंग से समाप्त कर दी गई हैं। श्रमिक नेता पवन नेगी, विमल सिंह एवं ऋषिपाल रावत ने बताया कि श्रमिकों के हितों से जुड़े लाभों में भारी अनियमितताएं की गई हैं। कंपनी प्रबंधन की हठधर्मिता और निरंकुश रवैये के विरोध में यह अनिश्चितकालीन धरना शुरू किया गया है। उन्होंने स्पष्ट किया कि जब तक श्रमिकों की मांगें पूरी नहीं होतीं, तब तक आंदोलन जारी रहेगा। नगर पालिका के सभासद एवं श्रमिक नेता संदीप नेगी ने बताया कि 10 से 15 वर्षों तक संविदा के माध्यम से कार्य करने वाले श्रमिकों से कुशल श्रेणी का कार्य लिया जा रहा है, लेकिन उन्हें अकुशल श्रेणी का वेतन दिया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि कंपनी प्रबंधन द्वारा लगातार उत्पीड़न और अनियमितताओं के बावजूद श्रम विभाग ने अब तक कोई वैधानिक कार्रवाई नहीं की है। गौरतलब है कि बीते बुधवार को कर्मचारियों ने डोईवाला तहसील मुख्यालय पर प्रदर्शन कर उप जिलाधिकारी के माध्यम से प्रदेश के मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन प्रेषित किया था। इसके बाद से कर्मचारी कंपनी के समीप अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हुए हैं। धरना प्रदर्शन में मुकेश शर्मा, बंसीलाल थपलियाल, प्रकाश थापा, मोहित नेगी, चंद्र किशोर, मुकेश रौतेला, प्रदीप रावत, अमित सिंह, अनिल चंद्र, मुकेश नौटियाल आदि शामिल रहे।












