डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लच्छीवाला वन रेंज के अंतर्गत चार हरे-भरे सेमल के पेड़ों का कटान किए जाने से स्थानीय लोगों में नाराजगी देखी जा रही है। जानकारी के अनुसार इन पेड़ों को काटने की अनुमति वन विभाग की ओर से दी गई थी।
बताया जा रहा है कि मिस्सरवाला वार्ड संख्या-एक में ये चारों सेमल के पेड़ भूमि पर हरे-भरे खड़े थे, जिन्हें हाल ही में काट दिया गया। इसके अलावा तीन से चार अन्य प्रजाति के पेड़ों का भी पातन किया गया है। पेड़ों के कटान की जानकारी मिलने पर स्थानीय लोगों ने इस पर आपत्ति जताते हुए नाराजगी व्यक्त की है। लोगों का कहना है कि हरे-भरे पेड़ों का इस तरह से कटान पर्यावरण के लिए नुकसानदायक है।
उनका कहना है कि क्षेत्र में पहले ही हरियाली कम होती जा रही है, ऐसे में हरे पेड़ों को काटने की अनुमति देना समझ से परे है। स्थानीय लोगों ने वन विभाग से यह भी पूछा है कि आखिर किन परिस्थितियों में इन हरे पेड़ों के कटान की अनुमति दी गई। उनका कहना है कि पर्यावरण संरक्षण के लिए हरे पेड़ों को बचाना बेहद जरूरी है और भविष्य में इस तरह की अनुमति देने से पहले जनभावनाओं का भी ध्यान रखा जाना चाहिए। लोगों ने वन विभाग और उद्यान विभाग से हरे पेड़ों के पातन की अनुमति न देने का अनुरोध भी किया है।












