डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शुगर मिल डोईवाला में पेराई सत्र समाप्त होने के बाद चल रहे सफाई कार्य के दौरान हुए हादसे में एक श्रमिक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य श्रमिक घायल हो गए। पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। वहीं, मिल प्रशासन की ओर से मामले की जांच शुरू कर दी गई है। सूत्रों के अनुसार शुक्रवार देर शाम शुगर मिल के बॉयलिंग हाउस में स्थित मिक्चर मशीन में जमी चीनी को श्रमिक साफ कर रहे थे। इसी दौरान अचानक पंप चल गया, जिससे चीनी खुरच रहे श्रमिक उसकी चपेट में आकर घायल हो गए। घटना के बाद अन्य श्रमिकों ने तुरंत पंप बंद कर दिया और मिल के अधिकारियों को सूचना दी। मिल प्रशासन की ओर से घायलों को तत्काल सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र डोईवाला भिजवाया गया। जहां गंभीर रूप से घायल एक श्रमिक को बेहतर उपचार के लिए जौलीग्रांट अस्पताल रेफर किया गया, लेकिन उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। शुगर मिल के फैक्ट्री मैनेजर आशुतोष अग्निहोत्री ने बताया कि हादसे में जगमोहन (29), निवासी हरदोई, उत्तर प्रदेश की मृत्यु हो गई। जबकि दो अन्य श्रमिक अरुण और घनश्याम को चोटें आई हैं। उन्होंने बताया कि मृतक ठेकेदार के अंतर्गत श्रमिक के रूप में कार्य कर रहा था। मिल प्रशासन की ओर से पूरे मामले की जांच की जा रही है।












