डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग के खिलाफ पूर्ति विभाग ने शनिवार को कार्रवाई करते हुए डोईवाला और भानियावाला बाजार से 15 सिलेंडर जब्त किए। विभागीय टीम की इस कार्रवाई से क्षेत्र में हड़कंप मच गया।
क्षेत्रीय खाद्य अधिकारी विभूति जुयाल के नेतृत्व में की गई जांच के दौरान पाया गया कि घरेलू गैस सिलेंडरों का उपयोग नियमों के विरुद्ध व्यावसायिक गतिविधियों में किया जा रहा था। जांच के बाद मौके से कुल 15 सिलेंडर जब्त किए गए। खाद्य अधिकारी विभूति जुयाल ने बताया कि घरेलू गैस सिलेंडर का व्यावसायिक उपयोग करना नियमों के खिलाफ है और ऐसे मामलों में सख्त कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने कहा कि विभाग द्वारा लगातार अभियान चलाकर इस तरह के मामलों की जांच की जा रही है। उन्होंने स्पष्ट किया कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी। पूर्ति विभाग की इस कार्रवाई के बाद क्षेत्र के अन्य व्यावसायिक प्रतिष्ठानों में भी जांच की आशंका के चलते सतर्कता बढ़ गई है।












