डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। पीड़ित ऋतु जदली निवासी बद्रीश विहार मियांवाला चौक ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि बीती 08 मार्च को उन्होंने अपने घर के लिए ऑनलाइन डिलीवरी ऐप ब्लिंकिट से आटा मंगाया था। आटा वापस करने के लिए उन्होंने इंटरनेट से कस्टमर हेल्पलाइन नंबर निकालकर कॉल किया। पीड़िता के अनुसार, कस्टमर केयर से बात करने के कुछ देर बाद ही उनके खाते से अपने आप रुपये कटने शुरू हो गए। इसका पता चलते ही उन्होंने तुरंत अपना क्रेडिट कार्ड ब्लॉक करा दिया। उन्होंने बताया कि अज्ञात व्यक्ति ने धोखाधड़ी कर उनके खाते से कुल 70 हजार 750 रुपये निकाल लिए। कोतवाली पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात व्यक्ति के खिलाफ धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच शुरू कर दी है।












