डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी महाविद्यालय, डोईवाला की राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) इकाई के 14 स्वयंसेवकों का युवा आपदा मित्र योजना के अंतर्गत राज्य आपदा प्रतिरक्षा बल द्वारा आयोजित प्रशिक्षण शिविर के लिए चयन हुआ है। यह दस दिवसीय प्रशिक्षण शिविर जौलीग्रांट, देहरादून में 16 से 22 मार्च 2026 तक आयोजित किया जाएगा। शिविर का उद्देश्य युवाओं में साहस, अनुशासन, आत्मविश्वास और नेतृत्व क्षमता का विकास करना है, ताकि आपदा की स्थिति में वे समाज की प्रभावी रूप से सहायता कर सकें। प्राचार्य डीपी भट्ट ने चयनित विद्यार्थियों को बधाई देते हुए कहा कि ऐसे शिविर विद्यार्थियों के सर्वांगीण विकास में सहायक सिद्ध होते हैं और उन्हें जीवन में नई दिशा प्रदान करते हैं। एनएसएस इकाई की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. किरण जोशी ने भी स्वयंसेवकों के उत्साह और समर्पण की सराहना की। उन्होंने बताया कि महाविद्यालय के सभी प्राध्यापकों ने चयनित स्वयंसेवकों को शुभकामनाओं के साथ शिविर के लिए रवाना किया। शिविर में ध्रुव, सौरभ, अजय, वंशिका, जिया, मधु, संजय सहित अन्य स्वयंसेवी प्रतिभाग करेंगे।












