डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। उत्तराखण्ड क्रांति दल ने गैरसैंण को राज्य की स्थायी राजधानी घोषित करने तथा शीर्ष नेताओं की रिहाई की मांग को लेकर ज्ञापन सौंपा। शनिवार को यूकेडी के जिला महामंत्री पवन बिजल्वाण के नेतृत्व में कार्यकर्ता डोईवाला तहसील मुख्यालय पहुंचे, जहां उन्होंने नारेबाजी करते हुए प्रदर्शन किया।
इसके बाद डोईवाला एसडीएम के माध्यम से महामहिम राज्यपाल को ज्ञापन प्रेषित किया। वक्ताओं ने कहा कि उत्तराखण्ड क्रांति दल हमेशा राज्य की भावनाओं और जन-सरोकारों के लिए समर्पित रहा है। केंद्रीय उपाध्यक्ष केंद्रपाल सिंह तोपवाल ने कहा कि उत्तराखण्ड के जनहित की लड़ाई लड़ रहे यूकेडी के शीर्ष नेताओं को तत्काल और ससम्मान रिहा किया जाना चाहिए। लोकतांत्रिक अधिकारों के संरक्षण के लिए यह बेहद आवश्यक है। उन्होंने कहा कि राज्य आंदोलनकारियों की भावनाओं और प्रदेश के समग्र विकास को देखते हुए गैरसैंण (भराड़ीसैंण) को अविलंब उत्तराखण्ड की स्थायी राजधानी घोषित किया जाना चाहिए। जिला अध्यक्ष आनंद सिंह राणा ने कहा कि जनभावनाओं का सम्मान करते हुए इन मांगों पर त्वरित और सकारात्मक कार्रवाई की जानी चाहिए। ज्ञापन देने वालों में केंद्रीय उपाध्यक्ष केंद्रपाल सिंह तोपवाल, जिला महामंत्री पवन बिजल्वाण, ब्लॉक अध्यक्ष मगन बिष्ट, पंकज रावत, संजय चौधरी, देवेंद्र डोबरियाल, परशुराम नौटियाल, मुकेश पाल, रमेश प्रसाद गैरोला, राजवीर पोखरियाल, धर्मपाल सिंह राणा, शैलेन्द्र गुसाईं, विशाल मिश्रा आदि शामिल थे।












