डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। सीमा सुरक्षा बल साहसिक प्रशिक्षण संस्था, डोईवाला द्वारा हीरक जयंती वर्ष के उपलक्ष्य में 19 अप्रैल 2026 को देहरादून स्थित राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में मैराथन दौड़ का आयोजन किया जाएगा। इसमें हाफ मैराथन और 10 किलोमीटर दौड़ आयोजित होगी, जिसमें विभिन्न आयु वर्ग के पुरुष और महिलाएं भाग ले सकेंगे। दौड़ का उद्देश्य युवाओं को फिटनेस और खेलों के प्रति जागरूक करना है। बुधवार को राजीव गांधी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम में आयोजित कार्यक्रम के दौरान कमांडेंट बीआईएएटी ने मैराथन के पोस्टर का अनावरण कर प्रतियोगिता की विधिवत शुरुआत की घोषणा की। उन्होंने बताया कि प्रतिभागी इसके लिए ऑनलाइन पंजीकरण कर सकते हैं। पंजीकरण शुल्क 300 रुपये निर्धारित किया गया है, जबकि 14–18 वर्ष आयु वर्ग के प्रतिभागियों और सुरक्षा बलों के कार्मिकों के लिए यह निःशुल्क रहेगा। प्रतियोगिता में विजेताओं को कुल 10 लाख रुपये से अधिक के नकद पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे, साथ ही प्रतिभागियों को टी-शर्ट और मेडल भी दिए जाएंगे।












