डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। संगठन की वास्तविक ताकत उसके कार्यकर्ता होते हैं। बूथ स्तर तक मजबूत संगठन खड़ा करना हमारी प्राथमिकता है और इसके लिए सभी को अनुशासन व समर्पण के साथ कार्य करना होगा। एकजुट होकर किए गए प्रयास ही संगठन को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाते हैं। यह बात कार्यशाला के दौरान भाजपा जिलाध्यक्ष राजेंद्र तड़ियाल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कही। बुधवार को भानियावाला स्थित दून जायका में भाजपा के संगठनात्मक जिला ऋषिकेश की कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का शुभारंभ महापुरुषों के चित्रों के समक्ष दीप प्रज्वलित कर उन्हें नमन करने के साथ किया गया। मुख्य वक्ता जिला प्रभारी दान सिंह रावत ने कहा कि संगठनात्मक दायित्व केवल पद नहीं, बल्कि जिम्मेदारी होते हैं। हर कार्यकर्ता को जनता से सतत संपर्क बनाए रखना चाहिए और पार्टी की नीतियों को घर-घर तक पहुंचाना चाहिए। उन्होंने समयबद्ध कार्य और सक्रियता पर विशेष जोर दिया। जिला संयोजक पंकज गुप्ता ने बूथ प्रबंधन और मतदाता सूची से जुड़े विषयों पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि चुनावी सफलता का आधार मजबूत बूथ और सजग कार्यकर्ता हैं, इसलिए हर स्तर पर समन्वय और सतर्कता जरूरी है। डोईवाला विधायक बृजभूषण गैरोला ने कहा कि सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे, इसके लिए कार्यकर्ताओं की भूमिका अहम है। उन्होंने विकास कार्यों की जानकारी जन-जन तक पहुंचाने का आह्वान किया। वहीं, ऋषिकेश विधायक प्रेमचंद अग्रवाल ने संगठन में संवाद, अनुशासन और समन्वय को सफलता की कुंजी बताया। उन्होंने कहा कि कार्यकर्ताओं के परिश्रम और समर्पण से ही संगठन मजबूत होता है। इस दौरान राज्य मंत्री सुभाष बर्थवाल, महिला मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष रुचि भट्ट, ममता नयाल, उषा कोठारी, मंडल अध्यक्ष पंकज शर्मा, रश्मि रावत, गीतांजलि रावत, मनोज ध्यानी, सुरेंद्र बिष्ट, चंद्रमोहन पोखरियाल, मनीष क्षेत्री, मनोज कांबोज, देवदत्त शर्मा आदि उपस्थित रहे।












