डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्रोजेक्ट सर्कुलर भारत के अंतर्गत प्लान फाउंडेशन द्वारा पीपीई किट वितरण एवं जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। वक्ताओं ने सफाई कर्मियों के योगदान की सराहना करते हुए कहा कि उनकी सुरक्षा और स्वास्थ्य का ध्यान रखना समाज की प्राथमिक जिम्मेदारी है। बुधवार को नगर पालिका डोईवाला के सभागार में आयोजित कार्यक्रम में 150 सफाई कर्मियों को पीपीई (व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण) कीट वितरित की गई। अधिशासी अधिकारी एमएल शाह ने बताया कि सफाई कर्मियों को पीपीई किट के महत्व के बारे में विस्तार से जानकारी दी गई। उन्हें समझाया गया कि यह किट उनके स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए क्यों आवश्यक है और कार्य के दौरान इसका नियमित उपयोग किस प्रकार लाभदायक है। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने बताया कि किट में दस्ताने (ग्लव्स), गमबूट्स, मास्क और रिफ्लेक्टर जैकेट शामिल हैं, जो कार्य के दौरान संक्रमण और दुर्घटनाओं से बचाव में सहायक हैं। उन्होंने आमजन से डोईवाला शहर को स्वच्छता सर्वेक्षण में नंबर-1 बनाने में सहयोग करने की अपील की। मौके पर नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी, सिद्धार्थ सिंह सजवाण, प्लान फाउंडेशन से वैभव, अर्चित, दीपिका, तानिया, विकास और दीपक आदि मौजूद रहे।












