कमल बिष्ट/उत्तराखण्ड समाचार।
कोटद्वार। टूरिस्ट संदेश फाॅण्डेशन द्वारा ‘कण्वनगरी संस्कारशाला’ के तहत् सुभाष चन्द्र नौटियाल के संयोजन व प्रसिद्ध समाजसेवी सत्य प्रकाश थपलियाल की अध्यक्षता में एक बैठक का आयोजित की गई। बैठक में युवाओं को नशे की प्रवृत्ति से दूर रखने के लिए विषय ‘संस्कारयुक्त, नशा मुक्त युवा’ विषय पर विचार किया गया। वक्ताओं ने समाज में बढ़ती नशे की प्रवृत्ति पर गम्भीर चिंता व्यक्त करते हुए कई सुझाव प्रस्तुत किये। बैठक में तय किया गया कि, सभी शिक्षण संस्थानों में जन-जागरूक के लिए ‘संवाद से समाधान’ कार्यक्रम का आयोजन किया जाएगा।
इस कार्यक्रम के प्रथम चरण में कण्वनगरी कोटद्वार के सभी उच्च शिक्षण संस्थानों में एक भाषण प्रतियोगिता का आयोजन करवाया जायेगा। प्रत्येक संस्थान से दो सर्वश्रेष्ठ प्रतिभागियों का चयन कर एक अन्तर उच्च शिक्षण संस्थान भाषण प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा। भाषण प्रतियोगिता में प्रतिभाग करने वाले सभी प्रतिभागियों को प्रतिभागी प्रमाण पत्र दिया जायेगा साथ ही प्रतियोगिता में प्रथम, द्वितीय एवं तृतीय स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया जाएगा। बैठक में तय किया गया कि, विवाह तथा शुभ आयोजन में नशे से दूर रहने के लिए समाज में जन-जागरूकता के लिए विभिन्न कार्यक्रमों का आयोजन किया जाएगा। शराब मुक्त विवाह के लिए अभियान चलाया जाएगा। समाज को नशामुक्त करने के लिए एक महिला टीम भी गठित की जायेगी। नशे के मनोविज्ञान पर आधारित साहित्य का सृजन किया जायेगा। नशामुक्ति अभियान से विषय विशेषज्ञों को जोड़ने की पहल की जायेगी। किशोर अवस्था को नशामुक्त करने के लिए विशेष अभियान चलाया जाएगा।
बैठक में वरिष्ठ समाजसेवी शिवदयाल बौंठियाल, पूर्व क्षेत्रीय वनाधिकारी राजेन्द्र पंत, पूर्व प्रधानाचार्य चित्रमणी देवलियाल, पूर्व शिक्षक जनार्दन प्रसाद ध्यानी, वरिष्ठ समाजसेवी डॉ0 सुरेन्द्र लाल आर्य, पूर्व प्रधानाचार्य शंकर दत्त गौड़, वरिष्ठ रंगकर्मी अनसूया प्रसाद डंगवाल, वरिष्ठ पत्रकार नागेन्द्र उनियाल, आकाशवाणी के पूर्व निदेशक चक्रधर कण्डवाल, भगवंत ग्लोबल विश्वविद्यालय में कृषि विभाग के विभागाध्यक्ष हर्षित शर्मा, एकेवीएन पब्लिक स्कूल के संस्थापक प्रकाश चन्द्र कोठारी, शिक्षक डॉ0 पद्मेश बुडाकोटी, बाल भारती पब्लिक स्कूल के संस्थापक गिरीराज सिंह रावत, कै. (रि.) पी.एल. खन्तवाल, वरिष्ठ पत्रकार चन्द्रेश लखेड़ा, छात्र प्रियांशु ध्यानी, प्रवेश चन्द्र नवानी, वरिष्ठ समाजसेवी अजयपाल सिंह रावत, नागरिक मंच के अध्यक्ष चन्द्र प्रकाश नैथानी, वरिष्ठ समाजसेवी दीपक कुकरेती, नरेन्द्र सिंह बिष्ट, श्रीमती मंजू रावत, मालिनी वैली बीएड कॉलेज की रूनुमी शर्मा, वरिष्ठ पत्रकार कमल बिष्ट, नेत्रपाल सिंह रावत, शिक्षक राकेश मोहन ध्यानी, वरिष्ठ समाजसेवी विकास देवरानी, वरिष्ठ पत्रकार पं. सूरज कुकरेती, विजय माहेश्वरी, कण्वघाटी महाविद्यालय के सहायक प्रोफेसर डॉ0 अनुराग शर्मा, जीवानन्द शर्मा सहित अरविन्द दुदपुड़ी मौजूद रहे।












