डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर पालिका द्वारा आवारा पशुओं की समस्या के समाधान एवं स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से क्रय किए गए कैटल कैचर वाहन तथा डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण के लिए खरीदे गए 05 मोबाइल कूड़ा वाहनों का विधिवत शुभारंभ किया गया। सोमवार को नगर पालिका डोईवाला के प्रांगण में आयोजित कार्यक्रम के दौरान पूजा-अर्चना के पश्चात नगर पालिकाध्यक्ष नरेंद्र सिंह नेगी ने सभी वाहनों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। उन्होंने कहा कि नगर क्षेत्र में बढ़ती आवारा पशुओं की समस्या को देखते हुए कैटल कैचर वाहन की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इस वाहन के संचालन से जहां सड़कों पर घूम रहे निराश्रित पशुओं को सुरक्षित रूप से पकड़ा जा सकेगा, वहीं आमजन को भी राहत मिलेगी। उन्होंने बताया कि नए मोबाइल कूड़ा वाहनों के माध्यम से डोर-टू-डोर कूड़ा संग्रहण प्रणाली को और अधिक प्रभावी बनाया जाएगा, जिससे नगर में स्वच्छता स्तर में सुधार होगा। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन रावत ने कहा कि इन नए वाहनों के शामिल होने से नगर पालिका की स्वच्छता व्यवस्था को मजबूती मिलेगी। साथ ही, आवारा पशुओं से होने वाली समस्याओं के समाधान में भी यह पहल कारगर सिद्ध होगी। मौके पर अधिशासी अधिकारी एमएल शाह, सभासद गौरव मल्होत्रा, राकेश डोभाल, ईश्वर रौथान, सुन्दर लोधी, प्रकाश कोठारी, अवतार सिंह, कपिल कुमार, अमित सैनी, अमित कुमार, अरुण सोलंकी, विनीत मनवाल, कुलदीप सिंह, आदि उपस्थित रहे।












