कमल बिष्ट/उत्तराखण्ड समाचार।
कोटद्वार/कण्वघाटी। अटल उत्कृष्ट राजकीय इंटर कॉलेज (AUGIC), कण्वघाटी में आज छात्र-छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य और सही दिशा-निर्देशन हेतु एक भव्य ‘करियर काउंसलिंग एवं मार्गदर्शन कार्यक्रम’ का आयोजन किया गया।
इस कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों के विशेषज्ञों ने शिरकत कर विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों और अवसरों के प्रति जागरूक किया। मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित वरिष्ठ समाज सेविका रंजना रावत ने छात्र-छात्राओं को संबोधित करते हुए कहा कि सफलता के लिए केवल किताबी ज्ञान ही पर्याप्त नहीं है, बल्कि मजबूत इच्छाशक्ति का होना अनिवार्य है। विशिष्ट अतिथि असिस्टेंट कमिश्नर फूड प्रमोद रावत ने सरकारी सेवाओं और प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी के लिए अनुशासन और समय प्रबंधन के महत्व को रेखांकित किया। वहीं, राजकीय स्नातकोत्तर महाविद्यालय कोटद्वार की प्रोफेसर अंजू थपलियाल ने उच्च शिक्षा के क्षेत्र में उभरते नए करियर विकल्पों और शोध (Research) के बारे में विस्तार से जानकारी दी। कार्यक्रम के अंतर्गत विद्यालय में मेधावी छात्र छात्राओं को पुरस्कृत किया गया। कार्यक्रम का सफल आयोजन प्रधानाचार्य सुनील कुमार के दिशा -निर्देशन एवं कार्यक्रम समन्वयक कविता बिष्ट रावत के नेतृत्व में संपन्न हुआ। कार्यक्रम का प्रभावी मंच संचालन राकेश मोहन ध्यानी द्वारा किया गया। इस महत्वपूर्ण कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों मंजू नेगी, कुलदीप सिंह नेगी, पंकज सिंह नेगी, रोशन बलूनी और नीरज पैन्यूली ने सक्रिय भूमिका निभाई। प्रयोगशाला सहायक मनोज भंडारी एवं विद्यालय के समस्त शिक्षणेत्तर कर्मचारियों के विशेष सहयोग से कार्यक्रम सुव्यवस्थित रूप से संपन्न हुआ। समारोह के अंत में मुख्य अतिथियों को स्मृति चिह्न भेंट कर सम्मानित किया गया और सभी सहयोगियों का आभार व्यक्त किया गया।












