डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शहीद दुर्गा मल्ल पीजी कॉलेज, डोईवाला में आंतरिक महिला परिवाद समिति द्वारा महिला सशक्तिकरण एवं राष्ट्र निर्माण: आइए सशक्त बनें विषय पर एक संगोष्ठी का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में डिप्टी एसपी अस्मिता ममगाई ने छात्राओं को साइबर सुरक्षा से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारी दी। वहीं, स्पर्श हिमालय विश्वविद्यालय के चिकित्सकों ने पीपीटी के माध्यम से सर्वाइकल कैंसर के बारे में जागरूक किया। महाविद्यालय के प्राचार्य प्रो डीपी भट्ट ने समाज में मातृशक्ति की भूमिका और महत्व को रेखांकित किया। कार्यक्रम में प्रो. इंदिरा जुगरान ने वैदिक दृष्टिकोण से महिलाओं के योगदान पर प्रकाश डाला, जबकि डॉ. अंजलि वर्मा ने बालिकाओं के राजनीतिक सशक्तिकरण की आवश्यकता पर जोर दिया। संगोष्ठी में डॉ. आशा रोंगली ने महिलाओं की क्षमता को सशक्त एवं प्रभावशाली बताते हुए उन्हें आत्मनिर्भर बनने के लिए प्रेरित किया। इस दौरान लगभग 150 छात्राओं ने प्रतिभाग किया। कुमारी निकिता कुकरेती, फरहीन, रंजना सहित अन्य छात्राओं ने भी अपने विचार व्यक्त किए। मौके पर कार्यक्रम संयोजक डॉ. वल्लरी कुकरेती, डॉ राखी पंचोला, डॉ कामना लोहानी, डॉ वंदना गौड़, डॉ सुजाता, डॉ पूनम पांडेय, डॉ संगीता रावत, डॉ पार्वती, डॉ शशि बाला, डॉ भावना जोशी, डॉ रेखा नौटियाल आदि उपस्थित रहे।












