डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। विकासखंड डोईवाला के उप खंड शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खण्ड शिक्षा अधिकारी धनवीर सिंह बिष्ट को विजिलेंस की टीम ने एक लाख रूपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया गया है। आरोपी के विरुद्ध थाना सतर्कता सेक्टर देहरादून में धारा 7, भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम 1988 (संशोधित अधिनियम 2018) के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। बुधवार को सतर्कता सेक्टर देहरादून की ट्रैप टीम ने कार्रवाई करते हुए आरोपी धनवीर सिंह बिष्ट हाल तैनाती उप शिक्षा अधिकारी एवं प्रभारी खण्ड शिक्षा अधिकारी, विकासखंड डोईवाला तथा अभियुक्ता पुष्पांजलि निवासी लेन नम्बर 5 डालनवाला देहरादून हाल स्वामी उत्तरांचल मार्डन स्कूल गुमानीवाला, ऋषिकेश को शिकायतकर्ता से उनके गंगा वैली जूनियर हाईस्कूल ऋषिकेश में शिक्षा का अधिकार अधिनियम के अन्तर्गत अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति के बिल के भुगतान के एवज में 01 लाख रुपये उत्कोच धनराशि ग्रहण करते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
आरटीई के बकाया भुगतान के बदले मांगी गई रिश्वत
सूत्रों के अनुसार, आरोपी अधिकारी ने शिकायतकर्ता से उनके ऋषिकेश स्थित जूनियर हाईस्कूल में आरटीई के अंतर्गत अध्ययनरत छात्रों की प्रतिपूर्ति (रिइम्बर्समेंट) के बिल के भुगतान के एवज में 01 लाख रूपये की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता द्वारा इसकी सूचना विजिलेंस को दी गई। सूचना पाकर विजिलेंस टीम ने आरोपी को पकड़ने के लिए जाल बिछाया। तय योजना के अनुसार आरोपी अधिकारी नेपाली फार्म तिराहे के समीप अपनी निजी गाड़ी से रिश्वत लेने पहुंचा, जहां विजिलेंस टीम ने उसे रिश्वत की रकम लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार कर लिया।












