डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। प्रकृति प्रेमियों और रोमांच के शौकीनों के लिए इस बार की गर्मियां खास होने जा रही हैं। लच्छीवाला नेचर पार्क में वाइल्ड समर फेस्ट–2026 का आगाज़ हो गया है। वन क्षेत्राधिकारी मेधावी कीर्ति ने बताया कि लच्छीवाला नेचर पार्क एक अप्रैल से 15 जून 2026 तक वाइल्ड समर फेस्ट (समर कार्निवल) की मेजबानी के लिए पूरी तरह तैयार है। प्रकृति के साथ जिएं के मुख्य संदेश के साथ आयोजित इस उत्सव का उद्देश्य पर्यटकों और स्थानीय निवासियों, विशेषकर बच्चों को प्रकृति के करीब लाना है। उन्होंने बताया कि इस समर कार्निवल को अभिनव तरीके से डिजाइन किया गया है, जिसमें हर आयु वर्ग के लिए विशेष गतिविधियां शामिल हैं। फेस्ट में एडवेंचर ज़ोन, प्रकृति पथ, जल क्रीड़ा, इको-क्राफ्ट्स और नौकायन जैसी आकर्षक गतिविधियां होंगी। जानकारी के अनुसार, यह फेस्ट प्रतिदिन सुबह 9 बजे से शाम पांच बजे तक पर्यटकों के लिए खुला रहेगा, जहां लोग प्रकृति की गोद में अपनी छुट्टियों को यादगार बना सकते हैं। वन क्षेत्राधिकारी ने कहा कि वाइल्ड समर फेस्ट केवल मनोरंजन कार्यक्रम नहीं है, बल्कि यह लोगों को पारिस्थितिकी तंत्र के प्रति जागरूक करने का प्रयास भी है। प्रकृति संग मस्ती का त्योहार थीम के तहत आयोजित इस कार्निवल का उद्देश्य है कि हर आगंतुक यहां से कुछ खास और अनूठी यादें लेकर जाए।












