कमल बिष्ट/उत्तराखण्ड समाचार।
लैंसडाउन। राजकीय प्राथमिक विद्यालय मेरुड़ा जयहरीखाल में शिक्षा ग्रहण करने वाले छात्र- छात्राओं का वार्षिक परीक्षा फल (2025-26) घोषित किया गया। इस दौरान विद्यालय में आयोजित एक समारोह में ग्राम प्रधान मेरुड़ा सुनीता देवी जदली ने माँ सरस्वती के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर कक्षा 5 पास करने वाले विद्यार्थियों के लिए विद्यालय में एक भव्य विदाई समारोह का आयोजन भी किया गया। इन बेहतरीन लम्हों को यादगार बनाने के लिए विद्यालय के संरक्षक दीनदयाल जदली, ग्राम सभा मेरुड़ा की ग्राम प्रधान सुनीता देवी जदली, विद्यालय प्रबंधन समिति के अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद, सुनीता देवी घिल्डियाल, अनीता देवी भारद्वाज, सतेश्वरी देवी, सुषमा देवी, पिंकी देवी, लक्ष्मी ध्यानी, शाकम्बरी देवी, अंजू देवी, सरोजनी ध्यानी, अनीता देवी धसमाना , कुo आरती धसमाना, अनीता देवी भोजनमाता, विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव थपलियाल तथा सहायक अध्यापिका ज्योति बौँठियाल आदि उपस्थित थे। कक्षा 5 की छात्रा कुमारी खुशी जखमोला ने 93% अंक प्राप्त करके प्रथम स्थान,आयुष घिल्डियाल ने 91.7% अंक प्राप्त कर द्वितीय स्थान तथा अंकित धसमाना ने 88.9% अंक प्राप्त करके तृतीय स्थान प्राप्त किया। कक्षा तीन की छात्रा कुमारी प्रियांशी ने 98% अंक प्राप्त कर प्रथम स्थान प्राप्त किया। कक्षा 2 के छात्र कार्तिक भारद्वाज ने 98% अंक प्राप्त करके प्रथम स्थान तथा कुमारी काजल कक्षा 2 ने 97% अंक प्राप्त करके द्वितीय स्थान प्राप्त किया। सभी विद्यार्थियों को आकर्षक पुरस्कार भी प्रदान किए गए। इस अवसर पर दीनदयाल जदली, सुनीता देवी जदली, राजेंद्र प्रसाद तथा ज्योति बौँठियाल ने सभी विद्यार्थियों तथा उनके माता-पिता को बधाई एवं हार्दिक शुभकामनाएं दी। ग्राम प्रधान मेरुड़ा सुनीता देवी जदली ने विद्यालय के दोनों कर्मठ, मार्गदर्शक शिक्षकों द्वारा छात्र हित, विद्यालय हित तथा समाज हित में किये जा रहे प्रयासों की मुक्तकंठ से प्रशंसा की और सभी के उज्जवल भविष्य की कामना की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि, आप लोग अपने पाल्यों की शिक्षा तथा स्वास्थ्य के प्रति सदैव सजग रहें और समय- समय पर उनका उचित मार्गदर्शन करते रहें। कक्षा 5 उत्तीर्ण करने वाले विद्यार्थियों उनके माता-पिता तथा अभिभावकों को संबोधित करते हुए विद्यालय के प्रधानाध्यापक राजीव थपलियाल ने कहा कि, आज का यह अवसर अत्यंत भावपूर्ण और स्मरणीय है। हमारे कक्षा 5 के विद्यार्थी आज इस विद्यालय से विदा लेकर अपने जीवन की एक नई यात्रा की ओर अग्रसर हो रहे हैं। यह क्षण एक ओर जहाँ हर्ष का है, वहीं दूसरी ओर थोड़ी सी भावुकता भी अपने साथ लिए हुए है। प्रिय बच्चों, आपने इस विद्यालय में अपने नन्हे कदमों से प्रवेश किया था, और आप सभी ज्ञान, संस्कार और आत्मविश्वास से परिपूर्ण होकर आगे बढ़ रहे हैं। आपने यहाँ न केवल पढ़ना-लिखना सीखा, बल्कि अनुशासन, सहयोग, मित्रता और आदर के जीवन-मूल्य भी आत्मसात किए। विद्यालय केवल शिक्षा का केंद्र नहीं, बल्कि व्यक्तित्व निर्माण का आधार होता है। यहां बिताए गए आपके ये वर्ष, आपके जीवन की अमूल्य निधि हैं, जिन्हें आप सदैव अपने हृदय में संजोकर रखेंगे। अब आप एक नई दिशा में, उच्च कक्षाओं की ओर बढ़ रहे हैं। वहाँ नई चुनौतियाँ होंगी, नए अवसर होंगे। मेरा आपसे यही आग्रह है कि, सदैव सत्य के मार्ग पर चलें, परिश्रम को अपना मित्र बनाएं और अपने माता-पिता व अभिभावकों तथा गुरुजनों का सम्मान करते हुए अपने लक्ष्य की ओर अग्रसर रहें। आप सभी हमारे विद्यालय का गौरव हैं। हमें पूर्ण विश्वास है कि, आप जहाँ भी जाएंगे, अपनी प्रतिभा और संस्कारों से सफलता के नए आयाम स्थापित करेंगे और अपने विद्यालय, सेवित क्षेत्र तथा अपने माता-पिता का नाम रोशन करेंगे। मैं आप सभी के उज्ज्वल भविष्य की कामना करता हूँ। ईश्वर आपको स्वस्थ, सफल और सदैव प्रगति-पथ पर अग्रसर रखे। आप सभी को हार्दिक शुभकामनाएँ एवं स्नेहिल आशीर्वाद।












