डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। नगर क्षेत्र के कुड़कावाला में बीते करीब एक माह से पेयजल संकट गहराया हुआ है। ग्रामीणों को साफ पानी के बजाय गंदा पानी पीने को मजबूर होना पड़ रहा है, जिससे क्षेत्र में बीमारियों का खतरा बढ़ गया है। समस्या के समाधान में हो रही देरी से नाराज लोगों ने बुधवार को जल संस्थान कार्यालय, डोईवाला पहुंचकर जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि नलों से आने वाला पानी मटमैला और दूषित है। कई घरों में बच्चों और बुजुर्गों को पेट दर्द, उल्टी-दस्त जैसी शिकायतें होने लगी हैं। इसके बावजूद जल संस्थान की ओर से अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि कई बार शिकायत करने के बाद भी अधिकारी केवल आश्वासन देकर टालमटोल कर रहे हैं। लोगो ने कहा कि साफ पेयजल उनकी बुनियादी आवश्यकता है लेकिन उन्हें प्रतिदिन भारी परेशानी झेलनी पड़ रही है। स्थानीय निवासी सरस्वती देवी व चंद्रकली देवी ने बताया कि पीने योग्य पानी लाने के लिए दूर-दराज के हैंडपंपों और अन्य स्रोतों पर निर्भर रहना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही साफ पेयजल की आपूर्ति शुरू नहीं की गई तो वे उग्र आंदोलन करने को मजबूर होंगे। लोगों ने स्वच्छ पेयजल की नियमित आपूर्ति, पाइपलाइन की तत्काल मरम्मत, जल गुणवत्ता की नियमित जांच तथा टैंकर के माध्यम से अस्थायी जलापूर्ति की मांग की है। वहीं, जल संस्थान के अधिकारियों ने ग्रामीणों को जल्द समस्या के समाधान का भरोसा दिलाया। बताया गया कि पाइपलाइन में लीकेज तथा जल स्रोत में गंदगी जमने के कारण पानी की गुणवत्ता प्रभावित हुई है, जिसे ठीक कराने का कार्य शीघ्र शुरू किया जाएगा। इस दौरान आदर्श सिलेलान, मयंक तायल, अभिषेक लोधी, चंद्रकली देवी, राजेश कुमार, विकास कुमार, दीपक कुमार, हर्षित, शिवानी, सरिता, प्रिया वर्मा, वासु लोधी, अमित आदि मौजूद रहे।












