डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। दशमेश स्पोर्ट्स क्लब के तत्वावधान में युवाओं को खेलों के प्रति प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से दो दिवसीय राष्ट्रीय स्तरीय ऑल इंडिया ओपन वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है। यह प्रतियोगिता आगामी 14 व 15 फरवरी को खैरी रोड, धर्मूचक, डोईवाला में आयोजित होगी। पूर्व राज्य मंत्री अरुण सूद ने जानकारी देते हुए बताया कि प्रतियोगिता का मुख्य उद्देश्य युवाओं में खेल भावना को बढ़ावा देना तथा उन्हें नशे जैसी सामाजिक बुराइयों से दूर रखना है। प्रतियोगिता में देश के विभिन्न राज्यों से आने वाली 20 शीर्ष टीमें हिस्सा लेंगी, जिनमें कई राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ी अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने बताया कि प्रतियोगिता में प्रथम पुरस्कार 51 हजार रुपये तथा द्वितीय पुरस्कार 31 हजार रुपये रखा गया है। सभी खिलाड़ियों से खेल भावना (स्पोर्ट्समैन स्पिरिट) के साथ खेलने की अपील की गई है। उन्होंने कहा कि डोईवाला क्षेत्र में पहली बार इस स्तर की राष्ट्रीय वॉलीबॉल प्रतियोगिता का आयोजन किया जा रहा है, जो क्षेत्र के लिए गौरव का विषय है। प्रतियोगिता में भाग लेने वाली टीमों एवं खिलाड़ियों की सभी व्यवस्थाएं क्लब द्वारा की जाएंगी। क्लब के अध्यक्ष मलखीत सिंह ने बताया कि खेल एवं युवा कौशल को प्रोत्साहित करने के उद्देश्य से क्लब निरंतर खेल प्रतियोगिताओं का आयोजन करता आ रहा है। उन्होंने बताया कि 14 फरवरी (शनिवार) को क्षेत्रीय विधायक बृजभूषण गैरोला प्रतियोगिता का विधिवत शुभारंभ करेंगे। क्लब पदाधिकारियों ने क्षेत्रवासियों से अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन करने की अपील की है।












