हरेंद्र बिष्ट की रिपोर्ट।
थराली। नगर पंचायत थराली के कूड़ा डंपिंग जोन में एक वाहन के दुर्घटनाग्रस्त हो जाने से इसमें सवार 4 लोग घायल हो गए हैं। जिनमें से दो लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। शुक्रवार की दोपहर ग्वालदम-सिमली राष्ट्रीय राजमार्ग पर थराली बाजार से करीब आधे किलोमीटर की दूरी पर कूड़ा डम्पिग जोन में ग्वालदम से थराली की ओर आते हुए वाहन संख्या यूके 18 सीए 4255 पिकअप तकनीकी खराबी के चलते हुए दुर्घटनाग्रस्त हो कर करीब 40 मीटर गहरी खाई में जा गिरी।
इस वाहन में चालक सहित कुल 5 लोग सवार थे, दुर्घटना की सूचना मिलते ही थराली थाना पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और घायलों को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र थराली लेकर पहुंचे। जहां पर घायलों का प्राथमिक उपचार किया जा रहा है। थराली के थानाध्यक्ष विनोद चौरसिया ने बताया कि घायलों में 25 वर्षीय अंशु पुत्र हमीद मियां एवं 50 वर्षीय पप्पू दोनों निवासी पुराना रोड़वेज स्टेशन बरेली उत्तर प्रदेश को गंभीर चोटें आई हैं। जबकि 45 वर्षीय सोहेल पुत्र बाबर एवं 17 वर्षीय अली पुत्र सराफत निवासी पुराना रोडवेज बरेली मामूली रूप से चोटिल हुए हैं। जबकि चालक सुरक्षित बताया जा रहा है।












