कमल बिष्ट/उत्तराखंड समाचार।
गढ़वाल। महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर श्री सिद्धबली धाम एवं फलहारी बाबा मंदिर, जगदेवा मंदिर सतीचौड़ सहित क्षेत्र में शिवालयों व प्राचीन शिव मंदिरों में जलाभिषेक के लिए श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ पड़ी।
भगवान भोलेनाथ के पूजन के लिए भक्तजन बेलपत्र, पुष्प, बेर व जलपात्र आदि लेकर लंबी-लंबी कतारों में प्रतीक्षा करते हुए नजर आये। इस महापर्व की पूर्व संध्या में ही मंदिरों को रंगीन व आकर्षक लाइटों द्वारा सजाया गया था।
श्री सिद्धबाबा मंदिर के महंत दिलीप रावत ने बताया कि विगत कई वर्षों की भांति ब्रह्ममुहूर्त से ही श्री सिद्धबली बाबा के दर्शन कर शिवभक्त शिवलिंग पर जलाभिषेक के लिए पंक्तिबद्ध होने लग गये थे। इस दौरान मंदिर का संपूर्ण वातावरण भक्तिभाव से सराबोर था। उन्होंने समस्त क्षेत्रवासियों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भोलेनाथ सभी का कल्याण करते हैं।












