डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। श्रमिक शोषण के विरोध में लालतप्पड़ स्थित औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों का धरना 11वें दिन भी जारी रहा। सेवा समाप्ति से नाराज श्रमिक शनिवार को भी अनिश्चितकालीन धरने पर डटे रहे। उत्तराखंड क्रांति दल के कृपाल सिंह रावत धरना स्थल पर पहुंचे और श्रमिकों को अपना समर्थन दिया। श्रमिक नेता एवं सभासद संदीप सिंह नेगी ने बताया कि उप श्रमायुक्त कार्यालय, देहरादून से वार्ता के लिए पत्र प्राप्त हुआ है, जिसमें 23 फरवरी 2026 को कार्यालय में उपस्थित होने के लिए कहा गया है। श्रमिकों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन को और तेज किया जाएगा। धरने में ऋषि रावत, विमल सिंह, पवन सिंह, राकेश चंद्र, किशोर जी, राकेश शर्मा, मुकेश रौतेला, संदीप कुमार, कलावती, ममता, मुकेश कुमार और राकेश कुमाई आदि मौजूद रहे।












