डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शनिवार को नगर पालिका के सभागार में पालिकाध्यक्ष नरेन्द्र सिंह नेगी की अध्यक्षता में विभिन्न विभागों के साथ जनसमस्याओं के निस्तारण तथा पालिका क्षेत्र में संचालित योजनाओं एवं विकास कार्यों की समीक्षा को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में जल संस्थान से संबंधित मुद्दों पर सभासदों ने पेयजल आपूर्ति के लिए ओवरहेड टैंक निर्माण, दूषित जल की समस्या के समाधान, ट्यूबवेल में जनरेटर की व्यवस्था तथा नई पाइपलाइन बिछाने की मांग की। इसके अलावा बाल विकास विभाग द्वारा विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी गई और उनकी पात्रता एवं आवश्यक अभिलेखों के संबंध में विस्तृत विवरण प्रस्तुत किया गया। समाज कल्याण विभाग के सहायक अधिकारी सुनील रावत ने सामाजिक सुरक्षा राज्य पोर्टल की जानकारी देते हुए पेंशन आवेदन, पेंशन की स्थिति की जांच तथा मृत्यु उपरांत पेंशन बंद कराने की प्रक्रिया समझाई। वन विभाग ने नगर क्षेत्र की वन सीमा से सटे इलाकों में जंगली जानवरों से सुरक्षा हेतु फेंसिंग वायर लगाने तथा लच्छीवाला क्षेत्र में हाथियों के आगमन को रोकने के लिए खाई खोदने का कार्य प्रगति पर होने की जानकारी दी। यूपीसीएल से संबंधित समस्याओं पर चर्चा करते हुए विद्युत विभाग से नए विद्युत पोल स्थापित करने, झूलती खुली विद्युत लाइनों की सुरक्षा हेतु बंच केबल लगाने, वार्डों में जर्जर पोल बदलने, लो-वोल्टेज की समस्या के समाधान, लाइनमैन की व्यवस्था तथा सभी बिजलीघरों में कंट्रोल रूम की व्यवस्था दुरुस्त करने की मांग की गई। विभाग ने समस्याओं के समाधान के लिए एक माह का समय मांगा है। लोक निर्माण विभाग से संबंधित विषयों पर सहायक अभियंता को सभासद राजेश भट्ट ने अवगत कराया कि वर्तमान में शहीद द्वार, दुर्गा चौक से चौक संख्या एक तक बरसात से पूर्व बंद पड़ी नालियों को खुलवाया जाए तथा आवश्यक स्थानों पर पुलिया और सड़क का निर्माण कराया जाए। सभासद ईश्वर सिंह रौथाण ने मुख्य मार्ग से संजोग वेडिंग प्वाइंट तक सड़क निर्माण की मांग की। सभासद राकेश डोभाल ने लोक निर्माण विभाग की सड़कों पर हुए अतिक्रमण को हटाने की मांग उठाई। लघु सिंचाई विभाग के अपर सहायक अभियंता अमित कुमार पाल ने जानकारी देते हुए बताया कि वर्तमान में कुसुम योजना संचालित है, जिसके अंतर्गत जिन किसानों ने सिंचाई के लिए बोरिंग स्थापित की है, उन्हें 80 प्रतिशत सब्सिडी पर सोलर प्लांट लगाया जाएगा। इसके लिए किसान के पास न्यूनतम चार बीघा कृषि भूमि होना आवश्यक है। सभासद गौरव मल्होत्रा ने सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में वरिष्ठ नागरिकों के लिए पंजीकरण की विशेष व्यवस्था, पार्किंग सुविधा तथा रेबीज इंजेक्शनों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने की मांग उठाई। नगर पालिका अध्यक्ष नरेंद्र सिंह ने सभी अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभासदों द्वारा उठाई गई जनसमस्याओं का शीघ्र निस्तारण कर पालिका प्रशासन को अवगत कराएं। बैठक में अधिशासी अधिकारी एमएल शाह, उपखंड अधिकारी गिरीराज, एमएम बहुगुणा, अवर अभियंता आशीष थपलियाल, नितिन कनेरा, पूरन सिंह, अपर सहायक अभियंता विनोद असवाल, सभासद सुरेश सैनी, अमित कुमार, सुरेन्द्र लोधी, विनीत राजपूत, अवतार सिंह, विनीत मनवाल, अनुज कालरा आदि उपस्थित रहे।












