डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। शुगर कम्पनी लिमिटेड, डोईवाला के पेराई सत्र 2025-26 के लिए गन्ने की कमी के चलते रुड़की समिति के छह तथा देहरादून समिति के आठ वाह्य गन्ना क्रय केंद्र बंद कर दिए गए हैं। आयुक्त, गन्ना विकास एवं चीनी उद्योग, उत्तराखण्ड द्वारा चीनी मिल को मिल गेट के अतिरिक्त कुल 57 वाह्य गन्ना क्रय केंद्र सुरक्षित/अभ्यर्पित किए गए थे। इनमें डोईवाला समिति के 05, देहरादून समिति के 21, ज्वालापुर समिति के 06, इकबालपुर (रुड़की) समिति के 22, लक्सर समिति का एक तथा हिमाचल प्रदेश की पांवटा समिति के दो गन्ना क्रय केंद्र संचालित किए गए थे। अधिशासी निदेशक ने बताया कि मुख्य गन्ना प्रबंधक की रिपोर्ट के अनुसार गन्ने की अत्यधिक कमी अथवा पूर्ण खरीद हो जाने के कारण रुड़की समिति के छह तथा देहरादून समिति के आठ क्रय केंद्रों को बंद करना पड़ा है। उन्होंने बताया कि पिछले कई दिनों से शेष संचालित वाह्य गन्ना क्रय केंद्रों को फ्री करने के बावजूद मिल को प्रतिदिन पेराई योग्य पर्याप्त मात्रा में गन्ना उपलब्ध नहीं हो पा रहा है। इससे स्पष्ट है कि अधिकांश किसानों के पास अब गन्ना उपलब्ध नहीं है तथा क्षेत्र में बहुत कम मात्रा में गन्ना शेष बचा है। अधिशासी निदेशक के अनुसार संचालित गन्ना क्रय केंद्रों एवं मिल गेट पर उपलब्ध अवशेष गन्ने की पेराई आगामी 23 फरवरी तक पूर्ण कर ली जाएगी। उन्होंने किसानों से अपील की है कि जिनके पास चीनी मिल को आपूर्ति योग्य गन्ना शेष है, वह 23 फरवरी तक अनिवार्य रूप से मिल को आपूर्ति सुनिश्चित करें।












