डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। मसूरी-देहरादून विकास प्राधिकरण (एमडीडीए) ने डोईवाला तहसील क्षेत्र में अवैध कॉलोनियों के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए लगभग 77 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध प्लॉटिंग को ध्वस्त कर दिया। प्राप्त जानकारी के अनुसार, मारखम ग्रांट क्षेत्र में करीब 65 बीघा भूमि पर बिना प्राधिकरण की स्वीकृति के प्लॉटिंग कर आंतरिक सड़कें और भूखंडों का सीमांकन किया गया था।
एमडीडीए की टीम ने जेसीबी की मदद से मौके पर पहुंचकर निर्माण कार्य ध्वस्त कर दिया। इसके अलावा खेरी-2, संत सागर गुरुद्वारा मार्ग और मेजर शहीद दुर्गा मार्ग फाटक रोड क्षेत्र में लगभग 12 बीघा भूमि पर विकसित की जा रही अवैध कॉलोनी के खिलाफ भी सख्त कार्रवाई की गई। एमडीडीए के उपाध्यक्ष बंशीधर तिवारी ने कहा कि सस्ते प्लॉट का लालच देकर लोगों को ठगने वाली अवैध प्लॉटिंग के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा।












