डोईवाला। आगामी 16 फरवरी को देहरादून में प्रस्तावित राजभवन घेराव की तैयारियों और रूपरेखा को लेकर जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से डोईवाला ब्लॉक सभागार में एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक को संबोधित करते हुए पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं कांग्रेस चुनाव अभियान समिति के अध्यक्ष प्रीतम सिंह ने कहा कि भाजपा सरकार की जनविरोधी नीतियों के कारण उत्तराखंड का हर वर्ग परेशान है। राज्य में कानून व्यवस्था पूरी तरह चरमराई हुई है। बेरोजगारी और बेलगाम महंगाई ने आम जनता का जीना मुहाल कर दिया है। देवभूमि में किसान आत्महत्या करने को मजबूर हैं और भ्रष्टाचार चरम पर पहुंच चुका है। उन्होंने कहा कि अंकिता भंडारी हत्याकांड में वीआईपी का नाम उजागर न होना और लगातार सामने आ रहे भ्रष्टाचार के मामले सरकार की विफलता का प्रमाण हैं। इन्हीं तमाम मुद्दों को लेकर कांग्रेस 16 फरवरी को राजभवन का घेराव करेगी। उन्होंने दावा किया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस की वापसी तय है। राजभवन घेराव ऐतिहासिक होगा, जिसमें डोईवाला और परवादून क्षेत्र से हजारों की संख्या में कार्यकर्ता देहरादून कूच कर सोई हुई सरकार को जगाने का काम करेंगे। जिला कांग्रेस अध्यक्ष मोहित उनियाल ने कहा कि जिला कांग्रेस इस घेराव को सफल बनाने के लिए पूरी तरह तैयार है। बूथ स्तर तक कार्यकर्ताओं को लामबंद किया जा चुका है। यह लड़ाई केवल कांग्रेस की नहीं, बल्कि उत्तराखंड के स्वाभिमान और युवाओं के हक की लड़ाई है। डोईवाला ब्लॉक प्रमुख गौरव चौधरी ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में बेरोजगारी और विकास कार्यों की अनदेखी के चलते युवाओं में भारी आक्रोश है। बैठक में देहरादून जिला पंचायत अध्यक्ष सुखविंदर कौर, सेवादल प्रदेश अध्यक्ष हेमा पुरोहित, प्रदेश सचिव सागर मनवाल, मनोज नौटियाल, रेखा बहुगुणा, अश्वनी बहुगुणा, करतार नेगी, महेंद्र भट्ट, ईश्वर पाल, उमेद बोरा, जितेंद्र कुमार, सुधीर रतूड़ी, गुरदीप सिंह, अंशुल त्यागी, राहुल सैनी, आरिफ अली, गौरव मल्होत्रा, अमित सैनी, सुनील बर्मन, भारत भूषण कौशल आदि उपस्थित रहे।












