डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। लालतप्पड़ औद्योगिक क्षेत्र में श्रमिकों द्वारा यूरिका फोर्ब्स कंपनी के विरुद्ध चलाए जा रहे अनिश्चितकालीन धरने को उत्तराखंड क्रांति दल ने खुला समर्थन दिया है। श्रमिकों का आरोप है कि कंपनी द्वारा स्थानीय कर्मचारियों का शोषण किया जा रहा है तथा लगभग 250 स्थानीय निवासियों को नौकरी से बाहर कर दिया गया है। यूकेडी के केंद्रीय उपाध्यक्ष केन्द्रपाल सिंह तोपवाल ने कंपनी प्रबंधन को एक सप्ताह का समय देते हुए सख्त चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही स्थानीय युवाओं को पुनः बहाल नहीं किया गया तो कंपनी के खिलाफ उग्र आंदोलन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों की उपेक्षा किसी भी स्थिति में बर्दाश्त नहीं की जाएगी। जिला महामंत्री पवन बिजल्वाण ने कहा कि जिन कर्मचारियों को बाहर किया गया है, वे पिछले दस वर्षों से अधिक समय से कंपनी में कार्यरत थे। ऐसे कर्मचारियों को अचानक बाहर करना न्यायसंगत नहीं है। उन्होंने स्पष्ट किया कि यूकेडी इस संघर्ष में कर्मचारियों के साथ मजबूती से खड़ा है। इस अवसर पर केंद्रीय प्रचार मंत्री धर्मवीर सिंह गुसाईं, मगन सिंह बिष्ट, प्रताप सिंह बिष्ट आदि रहे।












