डोईवाला। सोमवार को नगर पालिका परिषद डोईवाला के सभागार में हिंदुस्तान यूनिलीवर द्वारा वित्तपोषित प्रोजेक्ट सर्कुलर भारत के अंतर्गत प्लान फाउंडेशन के सहयोग से एक स्वच्छता कार्यशाला का आयोजन किया गया। जिसमें नगर क्षेत्र में कार्यरत स्वच्छता वाहिनियों एवं क्षेत्रीय सुपरवाइजरों ने प्रतिभाग किया। इस दौरान स्वच्छ सर्वेक्षण 2025-26 तथा सोर्स सेग्रीगेशन (स्रोत पर कचरे का पृथक्करण) के विषय में विस्तार से चर्चा की गई। आगामी 45 दिनों के लिए एक आईईसी (सूचना, शिक्षा एवं संचार) टीम गठित करने की योजना भी बनाई गई। मुख्य सफाई निरीक्षक सचिन सिंह रावत ने बताया कि गठित टीम 31 मार्च 2026 तक डोईवाला क्षेत्र के सभी घरों में जाकर सोर्स सेग्रीगेशन को बढ़ावा देने के लिए घर-घर संपर्क करेगी। उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण में बेहतर प्रदर्शन के लिए जन सहभागिता बेहद आवश्यक है। प्लान फाउंडेशन की ओर से स्वच्छता वाहिनियों के कार्य को प्रभावी ढंग से संचालित करने के लिए जागरूकता संबंधी आईईसी सामग्री उपलब्ध कराई जाएगी। कार्यशाला में अधिशासी अधिकारी एमएल शाह, सिद्धार्थ सिंह, सुपरवाइजर सुरेंद्र, जगदीश, नीरज, अजय चौहान, संजय भंडारी आदि उपस्थित रहे।












