——— प्रकाश कपरुवाण।
ज्योतिर्मठ।
सीमावर्ती ब्लॉक जोशीमठ के पैनखंडी समुदाय को वर्ष 2016-17मे राज्य की ओबीसी सूची मे शामिल किया गया था, और तब से ही पैनखंडावासी ओबीसी की केंद्रीय सूची मे शामिल किए
जाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन किसी भी स्तर से सकारात्मक कार्यवाही नहीं होने से गुस्साए सीमांतवासियों ने आंदोलन का ही रास्ता चुन लिया है और अब 27फरवरी को महारैली से आंदोलन की शुरुवात करने का निर्णय लिया गया है।
सीमांत विकास खण्ड जोशीमठ को अति पिछड़ा वर्ग की सूची मे शामिल किए जाने की मांग को लेकर लंबे संघर्ष के बाद उत्तराखंड सरकार द्वारा जोशीमठ ब्लॉक के पैनखंडा समुदाय को ओबीसी की राज्य सूची मे शामिल किया गया था, लेकिन दस वर्ष बीतने के बाद भी यह समुदाय ओबीसी की केंद्रीय सूची मे शामिल नहीं हो सका, जिसके कारण इस समुदाय के नौनिहाल केंद्रीय सेवाओं से भी वंचित हो रहे हैं।
दस वर्षों से लगातार पत्राचार करने के बाद भी प्रदेश व केन्द्र सरकार के स्तर से सकारात्मक कार्यवाही नहीं होने से गुस्साए पैनखंडा वासियों ने अब पुनः संघर्ष का मार्ग चुन लिया है, जिसकी शुरुवात 27 फरवरी को महारैली से होगी।
मंगलवार को ब्लॉक सभागार मे पैनखंडा संघर्ष समिति के आवहान पर हुई बैठक मे महारैली व आंदोलन की रणनीति पर मंथन के साथ ही विगत दिनों से ग्राम सभा स्तर व न्याय पंचायत स्तरों पर हुई बैठकों की समीक्षा भी की गई।
दरसअल केंद्रीय ओबीसी की सूची मे शामिल किए जाने के लिए राज्य सरकार की ओर से प्रस्ताव भेजा जाना है, जो दस वर्ष बीतने के बाद भी नहीं भेजा जा सका, हालांकि सत्तापक्ष से जुड़े स्थानीय नेताओं द्वारा इस दिशा मे पहल भी की गई और राज्य सभा सांसद महेन्द्र भट्ट द्वारा पैनखंडा को ओबीसी मे शामिल करने की मांग को लेकर सदन अपना पक्ष रखा, लेकिन भारत सरकार तभी इस पर कार्यवाही आगे बढ़ा सकती है जब राज्य सरकार के स्तर से विधिवत प्रस्ताव केन्द्र सरकार को भेजा जाएगा।
विगत दस वर्षों से उपेक्षित पैनखंडी समुदाय का सब्र का बाँध अब टूट चुका है और अपनी इस जायज मांग के लिए आंदोलन ही एक मात्र विकल्प रह गया है, जिसे लेकर ओम प्रकाश डोभाल के संचालन मे हुई बैठक मे पैनखंडा संघर्ष समिति के अध्यक्ष भरत सिंह कुंवर, ब्लॉक प्रमुख अनूप नेगी, सहित पैनखंडा समुदाय के शैलेन्द्र पंवार, कृष्णमणि थपलियाल, अमित सती, भगवती प्रसाद नंबूरी, राकेश भण्डारी, सुभाष डिमरी, श्रीराम डिमरी, सुखदेव पैनखंडी, नैन सिंह भण्डारी, रविन्द्र थपलियाल, समीर डिमरी सौरभ नेगी, पुष्कर सिंह भुजवाण, हर्षबर्धन भट्ट, कुशल सिंह कमदी, दिनेश रावत एवं पालिका सभासद प्रवेश डिमरी व प्रदीप पंवार सहित अनेक लोगों ने विचार व्यक्त किए।
बैठक के उपरांत 27फरवरी की महारैली की सूचना से सम्बंधित पत्र उपजिलाधिकारी को सौंपा गया।












