
डोईवाला (प्रियांशु सक्सेना)। केशवपुरी स्थित सॉन्ग नदी क्षेत्र से अवैध खनन के बाद ओवरलोड सामग्री से लदे ट्रैक्टर-ट्रॉली सड़कों पर बेखौफ दौड़ रहे हैं। इन वाहनों के कारण सड़क दुर्घटनाओं की आशंका बनी हुई है। इसके बावजूद संबंधित विभागों की ओर से प्रभावी कार्रवाई होती नजर नहीं आ रही है। बताया जा रहा है कि खनन सामग्री से लदे ये ट्रैक्टर-ट्रॉली केशवपुरी मार्ग से होकर, ऋषिकेश रोड, आर्यनगर, नुन्नावाला और जीवनवाला होते हुए फतेहपुर स्थित स्टोन क्रशर तक पहुंच रहे हैं। आरोप है कि वाहन क्षमता से अधिक सामग्री लेकर मुख्य मार्गों से गुजरते हैं, जिससे अन्य वाहन चालकों और राहगीरों की सुरक्षा पर खतरा बना रहता है। इन मार्गों पर यातायात का दबाव अधिक रहता है और कई शैक्षणिक एवं अन्य संस्थान भी स्थित हैं। ऐसे में तेज गति से दौड़ते ओवरलोड वाहनों से हादसों की आशंका बढ़ जाती है। इन वाहनों से रेत और बजरी सड़क पर गिरती रहती है, जिससे सड़क पर चलने वाले अन्य वाहन चालकों को भी परेशानी का सामना करना पड़ सकता है। स्थानीय लोगों का कहना है कि तहसील मुख्यालय के आसपास के मार्गों पर भी इन वाहनों की आवाजाही जारी रहना निगरानी व्यवस्था पर सवाल खड़े करता है। उन्होंने संबंधित प्रशासन और परिवहन विभाग से मामले का संज्ञान लेकर ओवरलोड वाहनों की जांच करने तथा नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की है।













