
डोईवाला, (प्रियांशु सक्सेना)। राजकीय इंटर कॉलेज, माजरी के विद्यार्थियों को प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट एवं सर्कुलर इकॉनमी का व्यावहारिक ज्ञान दिया गया। समग्र शिक्षा अभियान के अंतर्गत राजकीय इंटर कॉलेज, माजरी में विद्यालय के 120 छात्र-छात्राओं के लिए पालमर टेक्नोलॉजी में करियर की संभावनाएं, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट, सर्कुलर इकॉनमी तथा सिंगल यूज़ प्लास्टिक विषयों पर दो दिवसीय कार्यशाला आयोजित की गई। कार्यशाला का मुख्य उद्देश्य विद्यार्थियों में पर्यावरणीय जागरूकता बढ़ाना, प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट एवं सर्कुलर इकॉनमी जैसे उभरते क्षेत्रों में करियर की संभावनाओं से अवगत कराना तथा स्वच्छ और सुरक्षित भविष्य के लिए जिम्मेदार नागरिक तैयार करना था। वक्ताओं ने विद्यार्थियों को सिंगल यूज़ प्लास्टिक से होने वाले दुष्प्रभावों, सतत विकास तथा हरित तकनीकों को अपनाने के लिए प्रेरित किया। मुख्य वक्ता समीर पुरी ने प्लास्टिक कचरे से वैल्यू-एडेड उत्पादों के निर्माण, प्लास्टिक अपशिष्ट के प्रभावी प्रबंधन तथा स्वच्छता कर्मियों को कार्य के दौरान आने वाली चुनौतियों और गंभीर समस्याओं पर विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद स्थापित करते हुए पर्यावरण संरक्षण में युवाओं की सक्रिय भूमिका पर विशेष बल दिया। इस अवसर पर प्रधानाचार्य बीपी कुकरेती, संजीव, राहुल तड़ियाल, नवजीत कौर आदि उपस्थित रहे।












